हर गांव तक पहुंचेगी बस सेवा: ग्राम परिवहन योजना के तहत 11 नए मार्गों पर बनी सहमति
Share your love

मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, समिति के सदस्य और योजना के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थी मौजूद रहे। बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर परिवहन सुविधा से जोड़ने के लिए प्राप्त आवेदनों पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी की बैठक में तय हुए ग्रामीण बस सेवा के नए रूट
बैठक का आयोजन विशेष सचिव (परिवहन), उत्तर प्रदेश शासन, लखनऊ के पत्र संख्या 265/तीस-1-2026 के अनुपालन में किया गया। समिति ने विभिन्न प्रस्तावित मार्गों का परीक्षण कर जनपद में ग्राम परिवहन सेवा संचालन के लिए कई प्रमुख रूटों पर सहमति दी। इन मार्गों में सिवारा–कम्पिल–कायमगंज–फर्रुखाबाद, इकलहरा–कम्पिल–कायमगंज–फर्रुखाबाद, रौकरी–सिवारा–कम्पिल–कायमगंज–फर्रुखाबाद, रुदायन–कम्पिल–कायमगंज–फर्रुखाबाद, नगला जवाहर–कुतलूपुर–गूजरपुर–अमृतपुर–राजेपुर–फर्रुखाबाद, बिरिया डांडा–शमशाबाद–फर्रुखाबाद, कड़हर–सलेमपुर–चाचूपुर–पांचालघाट–फर्रुखाबाद, दहिलिया–संकिसा–नीवकरोरी–मोहम्मदाबाद–फर्रुखाबाद, खिरिया सींगनपुर–संकिसा–नीवकरोरी–मोहम्मदाबाद–फर्रुखाबाद, कुआंखेड़ा–शमशाबाद–फैजबाग–हथियापुर–फर्रुखाबाद तथा गदनपुर तूरी–जरारी–रजीपुर–कमालगंज–फर्रुखाबाद जैसे मार्ग शामिल हैं।
ग्रामीणों को मिलेगी सस्ती, सुरक्षित और समयबद्ध परिवहन सुविधा
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चयनित मार्गों पर ग्राम परिवहन सेवा का संचालन नियमानुसार और समयबद्ध तरीके से शुरू कराया जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को सुगम, सुलभ और सुरक्षित परिवहन सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि इस योजना से गांवों के लोगों को तहसील, ब्लॉक, जिला मुख्यालय और प्रमुख बाजारों तक पहुंचने में आसानी होगी।
गांवों से शहरों तक बढ़ेगी कनेक्टिविटी, रोजगार को भी मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना-2026 का मुख्य उद्देश्य दूरस्थ गांवों और ग्राम पंचायतों को मुख्य मार्गों, कस्बों और जिला मुख्यालयों से जोड़ना है। इसके तहत 15 से 28 सीट क्षमता वाले निजी डीजल, सीएनजी और इलेक्ट्रिक वाहनों का संचालन किया जाएगा। योजना के माध्यम से न केवल ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन बेहतर होगा, बल्कि स्थानीय युवाओं और वाहन स्वामियों के लिए स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
प्रदेश के हर गांव तक बस सेवा पहुंचाने की तैयारी
उत्तर प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना-2026 को हाल ही में मंजूरी दी है। योजना के तहत प्रदेश की हजारों ग्राम पंचायतों और उन गांवों को बस सेवा से जोड़ने की तैयारी है, जहां अब तक नियमित परिवहन सुविधा उपलब्ध नहीं थी। सरकार का लक्ष्य है कि ग्रामीण क्षेत्रों को सस्ती और नियमित परिवहन सेवा उपलब्ध कराते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और रोजगार से जुड़ी सुविधाओं तक लोगों की पहुंच आसान बनाई जाए।






