भाई ने देख लिया बहन का राज, प्रेमी ने मार दी गोली: 10 साल के बेटे ने खोली मां की करतूत
Share your love

मैनपुरी के किशनी थाना क्षेत्र के कुसमरा कस्बे में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक शादीशुदा महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही सगे भाई की गोली मारकर हत्या करवा दी। हत्या की वजह यह बताई जा रही है कि भाई ने बहन को उसके प्रेमी के साथ आपत्तिजनक हालत में देख लिया था और इसका विरोध किया था।
बहन को छोड़ने आया था भाई, फिर कभी घर नहीं लौटा
फर्रुखाबाद के करथिया गांव निवासी 25 वर्षीय करन मिश्रा अपनी बहन पूजा दुबे को उसके ससुराल कुसमरा छोड़ने आया था। रात अधिक होने के कारण वह बहन के घर पर ही रुक गया। पूजा की शादी करीब 15 साल पहले दिलीप दुबे से हुई थी, जो महाराष्ट्र के पुणे में एक आईटी कंपनी में काम करते हैं। पूजा के तीन बच्चे हैं।
आधी रात घर पहुंचा प्रेमी, विरोध करने पर चली गोली
रात करीब 12 बजे पूजा का प्रेमी जितेंद्र उर्फ जीतू घर पहुंचा। उसी दौरान करन की नींद खुल गई और उसने बहन तथा उसके प्रेमी को साथ देख लिया। इस बात को लेकर करन और जितेंद्र के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि पूजा भी प्रेमी का पक्ष ले रही थी। कहासुनी बढ़ने के बाद जितेंद्र ने तमंचे से करन के सिर में गोली मार दी। गोली आंख को चीरते हुए सिर के पार निकल गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
बेटे के सामने हुई हत्या, मां ने दी धमकी
पूरी वारदात पूजा के 10 वर्षीय बेटे रितिक के सामने हुई। बच्चे ने बाद में पड़ोसियों और परिजनों को बताया कि उसकी मां ने ही प्रेमी से मामा की हत्या करवाई। रितिक के अनुसार, हत्या के बाद पूजा ने उसे धमकाया था कि वह किसी को इस बारे में कुछ न बताए।
शव को बाइक पर ले जाकर जंगल में फेंका
हत्या के बाद आरोपी प्रेमी ने अपने भाई जूली को बुलाया। इसके बाद करन के शव को बाइक पर लादकर घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर धर्मगदपुर गांव के पास झाड़ियों में फेंक दिया गया। आरोपियों ने घर में फैले खून के निशान भी साफ किए ताकि किसी को शक न हो।
गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखाने पहुंची बहन, थाने में ही पकड़ ली गई
हत्या के अगले दिन पूजा अपने प्रेमी जितेंद्र के साथ किशनी थाने पहुंची और भाई की गुमशुदगी दर्ज कराने की कोशिश की। इसी दौरान बेटे रितिक ने पड़ोसियों को पूरी घटना बता दी। पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस सक्रिय हुई और पूजा तथा जितेंद्र को थाने में ही हिरासत में ले लिया गया। बाद में उनकी निशानदेही पर जंगल से शव बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
पुलिस ने मृतक की बहन पूजा दुबे, उसके प्रेमी जितेंद्र उर्फ जीतू और जितेंद्र के भाई जूली को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि अवैध संबंधों के चलते इस हत्या को अंजाम दिया गया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की आगे जांच की जा रही है।
पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहा था करन
परिजनों के मुताबिक करन अविवाहित था और पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहा था। उसने हाल ही में दरोगा भर्ती परीक्षा भी दी थी और परिवार को उम्मीद थी कि उसका चयन हो जाएगा। लेकिन बहन और उसके प्रेमी की साजिश ने उसकी जिंदगी खत्म कर दी।






