बच्चे की पिटाई से भड़का विवाद, दो समुदायों में झड़प
Share your love

फर्रुखाबाद के कादरी गेट थाना क्षेत्र स्थित लिंगीगंज मोहल्ले में एक बच्चे के साथ मारपीट का मामला देर रात दो समुदायों के बीच तनाव का कारण बन गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडे चलने लगे। घटना में चार लोग घायल हुए, जबकि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छह लोगों को हिरासत में लिया।
शिकायत करने पहुंचे परिजनों पर हमला
जानकारी के अनुसार, लिंगीगंज निवासी संतराम के 16 वर्षीय पुत्र अंकुर सक्सेना के साथ खटकपुरा निवासी 28 वर्षीय कादिर ने कथित रूप से मारपीट की थी। बेटे के साथ हुई घटना की शिकायत करने के लिए संतराम अपने परिवार और परिचितों के साथ कादिर के घर पहुंचे। आरोप है कि वहां कहासुनी के बाद दूसरे पक्ष के लोगों ने गाली-गलौज करते हुए उन्हें भगा दिया।
अस्पताल के पास बढ़ा तनाव, चले लाठी-डंडे
बताया जा रहा है कि विवाद के बाद संतराम और उनके साथी लिंगीगंज अस्पताल के पास पहुंचे, जहां दूसरे पक्ष के लोगों ने उन्हें घेर लिया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई और लाठी-डंडे चले। घटना में संतराम, उनका बेटा अंकुर और चमन घायल हो गए। बाद में संतराम पक्ष ने भी कादिर को पकड़कर पीटा, जिससे उसे भी चोटें आईं। घायल लोगों को थाने ले जाया गया और फिर मेडिकल परीक्षण के लिए लोहिया अस्पताल भेजा गया।
लोहिया अस्पताल में जुटी भीड़, पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना के बाद कादिर अपने 15 से 20 समर्थकों के साथ लोहिया अस्पताल पहुंच गया, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया। अस्पताल में दोनों पक्षों के समर्थकों की भीड़ जमा होने लगी। ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने स्थिति बिगड़ती देख दोनों पक्षों को अलग-अलग रहने की हिदायत दी और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कपिल कुमार, आवास विकास, रोडवेज और पांचाल घाट चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात पर काबू पाया। पुलिस ने संतराम, चमन और कादिर समेत कुल छह लोगों को हिरासत में लिया।
शराब पीने की पुष्टि, शांतिभंग में कार्रवाई
पुलिस द्वारा कराए गए मेडिकल परीक्षण में कादिर के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। बताया गया कि उसके शरीर में लगभग 35 प्रतिशत अल्कोहल पाया गया। फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस सतर्क है।






