दूध में गिरी छिपकली से बनी चाय पीते ही बिगड़ी तीन बच्चों की हालत, लोहिया अस्पताल में भर्ती
Share your love

फर्रुखाबाद के मऊ दरवाजा थाना क्षेत्र के गांव कटरी शिकारपुर में शुक्रवार सुबह एक लापरवाही भारी पड़ गई। घर में रखे दूध में रात के दौरान छिपकली गिर गई थी, लेकिन परिवार को इसकी जानकारी नहीं हो सकी। इसी दूध से सुबह चाय बनाई गई, जिसे पीने के बाद तीन बच्चों की तबीयत बिगड़ गई।
परिजनों के अनुसार, गांव निवासी रामवीर के भाई प्रेमपाल के बेटे सोहिल (13), शोभित (11) और मोहित ने सुबह दूध की चाय पी थी। चाय पीने के कुछ देर बाद तीनों बच्चे खेत पर चले गए, जहां उन्हें पेट में जलन और घबराहट महसूस होने लगी। इसी बीच घर से सूचना मिली कि जिस दूध से चाय बनाई गई थी, उसमें छिपकली पड़ी हुई थी।
जानकारी मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में परिजन तीनों बच्चों को लेकर फर्रुखाबाद के लोहिया अस्पताल पहुंचे, जहां उन्हें इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में तीनों बच्चों का इलाज चल रहा है। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
रामवीर ने बताया कि गुरुवार शाम को भैंस का दूध निकालकर बाल्टी में रखा गया था। शुक्रवार सुबह जब उनकी भाभी दूध गर्म करने लगीं, तब उसमें छिपकली दिखाई दी। इसके बाद बच्चों को तुरंत फोन कर सूचना दी गई, लेकिन तब तक वे चाय पी चुके थे।
ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, छिपकली गिरे भोजन या दूध का सेवन करने से उल्टी, पेट दर्द, जलन, चक्कर और फूड पॉइजनिंग जैसी समस्या हो सकती है। ऐसे मामलों में तुरंत अस्पताल पहुंचना जरूरी होता है। कई मामलों में समय पर इलाज मिलने से मरीजों की हालत सामान्य हो जाती है।






