5 क्विंटल बूंदी प्रसाद और अखंड पाठ से गूंजा भोलेपुर मंदिर, कल हनुमान जयंती पर उमड़ेगा श्रद्धालुओं का सैलाब
Share your love

भोलेपुर स्थित बड़े हनुमान मंदिर में हनुमान जयंती को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। गुरुवार को मनाए जाने वाले हनुमान जन्मोत्सव के लिए मंदिर परिसर को पूरी तरह सजाया गया है। मंदिर प्रशासन को उम्मीद है कि हजारों श्रद्धालु बजरंगबली के दर्शन के लिए यहां पहुंचेंगे। इस बार भक्तों के लिए करीब 5 क्विंटल बूंदी का प्रसाद तैयार कराया जा रहा है, जिसका वितरण हनुमान जयंती के दिन किया जाएगा।
मंदिर परिसर में बुधवार सुबह से रामायण का अखंड पाठ शुरू हो गया, जो गुरुवार सुबह तक जारी रहेगा। अखंड पाठ में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं। मंदिर के महंत के अनुसार, हनुमान जयंती पर विशेष पूजा, भजन-कीर्तन और विशाल भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा, जिसके लिए पिछले दो दिनों से तैयारियां चल रही हैं।
प्रसाद बनाने का कार्य मंगलवार से शुरू कर दिया गया था। बूंदी तैयार करने के लिए विशेष हलवाई बुलाए गए हैं और लगातार दो दिन से काम चल रहा है। मंदिर प्रशासन का कहना है कि इस बार श्रद्धालुओं की संख्या अधिक रहने की संभावना है, इसलिए प्रसाद और भंडारे की व्यवस्था भी बड़े स्तर पर की गई है।
हनुमान जी के विग्रह पर विशेष चोला चढ़ाने का कार्य भी जारी है। इसके लिए 29 मार्च से गर्भगृह के कपाट बंद कर दिए गए थे। राजस्थान से आए कारीगर विग्रह पर आकर्षक चोला और श्रृंगार का काम कर रहे हैं। मंदिर में स्थापित हनुमान जी की विशाल प्रतिमा पहले से ही श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहती है और आसपास के जिलों से भी लोग यहां दर्शन करने पहुंचते हैं।
मंदिर की रंगाई-पुताई और साफ-सफाई का कार्य पहले ही पूरा कर लिया गया है। परिसर में रोशनी, फूलों की सजावट और भक्तों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। मंदिर प्रशासन के अनुसार, गुरुवार सुबह से देर रात तक दर्शन का सिलसिला चलता रहेगा।
इस वर्ष हनुमान जयंती 2 अप्रैल, गुरुवार को मनाई जाएगी। पंचांग के अनुसार चैत्र पूर्णिमा तिथि 1 अप्रैल की सुबह शुरू होकर 2 अप्रैल की सुबह तक रहेगी। उदया तिथि के आधार पर गुरुवार को ही हनुमान जन्मोत्सव मनाया जाएगा।






