फर्रुखाबाद ब्लास्ट में घायल पूर्व प्रधान भैया लाल की मौत, 17 मार्च के धमाके ने ली पहली जान

फर्रुखाबाद में समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक विजय सिंह के आवास पर 17 मार्च को हुए भीषण विस्फोट ने अब पहली जान ले ली है। धमाके में गंभीर रूप से घायल हुए पूर्व प्रधान उदय प्रताप सिंह उर्फ भैया लाल की कानपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। मंगलवार रात उनकी हालत बिगड़ने पर अस्पताल में उन्होंने दम तोड़ दिया। भैया लाल मऊ दरवाजा थाना क्षेत्र के नूरपुर गांव के रहने वाले थे और घटना के समय पूर्व विधायक के घर मौजूद थे।

बेसमेंट में हुआ था जोरदार धमाका, कई मंजिलें हुई थीं क्षतिग्रस्त

17 मार्च की शाम शहर कोतवाली क्षेत्र के नाला मछरट्टा मोहल्ले में स्थित पूर्व विधायक विजय सिंह के चार मंजिला मकान के बेसमेंट में जोरदार विस्फोट हुआ था। धमाका इतना भीषण था कि बेसमेंट की छत उड़ गई, दूसरी और चौथी मंजिल तक भवन क्षतिग्रस्त हो गया। मकान के शीशे, दरवाजे और रेलिंग टूटकर बाहर जा गिरे थे। आसपास के घरों और दुकानों तक धमाके का असर महसूस किया गया था।

पूर्व विधायक के दोनों बेटे समेत छह लोग हुए थे घायल

धमाके में पूर्व विधायक विजय सिंह के बेटे अभिषेक सिंह उर्फ सिक्की और अविनाश सिंह उर्फ विक्की समेत कुल छह लोग घायल हुए थे। घायलों में भैया लाल, ईशू चौरसिया, रामवीर सिंह और राशू भी शामिल थे। गंभीर रूप से घायल भैया लाल के सिर में गंभीर चोट आई थी, जिसके बाद उन्हें कानपुर रेफर किया गया था। वहीं विजय सिंह के बेटों का इलाज लखनऊ में चल रहा है।

पुलिस ने छह लोगों पर दर्ज किया था मुकदमा

घटना के बाद पुलिस ने पूर्व विधायक के दोनों बेटों सहित सभी छह घायलों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। जांच के दौरान पुलिस, फॉरेंसिक टीम, बम निरोधक दस्ता और एटीएस की टीमें मौके पर पहुंची थीं। पुलिस ने मौके से नमूने भी जुटाए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया था।

घर के अंदर मौजूद था विस्फोटक, जांच में सामने आए नए संकेत

प्रारंभिक जांच में पुलिस को यह संकेत मिले हैं कि विस्फोटक सामग्री घर के अंदर ही मौजूद थी। मौके पर मिले सिलेंडर सुरक्षित पाए गए, जिससे गैस रिसाव या सिलेंडर फटने की आशंका खारिज हो गई। पुलिस और एटीएस इस एंगल पर भी जांच कर रही हैं कि कहीं घर में विस्फोटक तैयार किया जा रहा था या उसे रखा जा रहा था। मामले में कई अहम सुराग जुटाए गए हैं और जांच अभी जारी है।

पोस्टमार्टम के बाद होगी आगे की कार्रवाई

अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि भैया लाल को सिर में गंभीर चोट लगने के बाद कानपुर रेफर किया गया था। वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Anuj Singh
Anuj Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News