बंदरों को भगाने गई गर्भवती महिला की मौत, गले पर निशान देख मायके पक्ष ने जताई हत्या की आशंका
Share your love

जिले के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के अमलैया मुकेरी गांव में सोमवार को एक गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है, जबकि पति इसे हादसा बता रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान शोभा जाटव (25) पत्नी शिवेंद्र उर्फ पिंटू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शोभा गर्भवती थी। पति शिवेंद्र का कहना है कि वह सोमवार को चारा काटने गया था। इसी दौरान शोभा घर की छत पर बंदरों को भगाने के लिए गई थी। आरोप है कि छत से गिरते समय उसका दुपट्टा गले में कस गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई और बेहोश हो गई।
घटना की सूचना पर जब मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे तो उन्होंने महिला के गले पर निशान होने की बात कही। इसके बाद उन्होंने हत्या की आशंका जताते हुए ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए। दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक विवाद और आरोप-प्रत्यारोप चलता रहा, जिससे गांव में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटना के हर पहलू की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, शोभा की शादी करीब डेढ़ वर्ष पहले शाहजहांपुर जिले के मिर्जापुर थाना क्षेत्र के अजमापुर गांव निवासी रामशरण के बेटे शिवेंद्र से हुई थी। वह अपने परिवार की चार बहनों में तीसरे नंबर पर थी। उसकी अचानक मौत से मायके और ससुराल दोनों परिवारों में शोक का माहौल है।
सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय ने बताया कि महिला की मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






