खजूर की डालियों और मसीह गीतों के बीच गूंजा पाम संडे, फर्रुखाबाद के CNI चर्च में उमड़ी आस्था

फर्रुखाबाद के बढ़पुर स्थित CNI चर्च में रविवार को पाम संडे का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह से ही चर्च परिसर में मसीह समाज के लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। हाथों में फूलों से सजी खजूर की डालियां लिए श्रद्धालु मसीह गीत गाते हुए चर्च पहुंचे। चर्च के बाहर लंबी कतारें देखी गईं, जहां बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी में विशेष उत्साह नजर आया।

पास्टर हाउस से निकली शोभायात्रा, पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत

पाम संडे के अवसर पर शोभायात्रा की शुरुआत पास्टर हाउस से हुई। इसमें बड़ी संख्या में ईसाई समाज के लोग खजूर की डालियां लेकर शामिल हुए। श्रद्धालु भक्ति गीत गाते हुए बढ़पुर चर्च पहुंचे, जहां चर्च परिसर में उनका पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय माहौल बना रहा और चर्च परिसर मसीह गीतों से गूंजता रहा।

बाइबिल वचनों के साथ विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन

चर्च में पादरी मनोज कुमार ने बाइबिल के पवित्र वचनों का पाठ करते हुए विशेष प्रार्थना सभा की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि पाम संडे प्रभु यीशु मसीह के येरुशलम में प्रवेश की स्मृति में मनाया जाता है। ईसाई मान्यता के अनुसार, इसी दिन प्रभु यीशु खजूर की डालियों और जयकारों के बीच येरुशलम पहुंचे थे, जहां लोगों ने उनका स्वागत किया था। पाम संडे को होली वीक की शुरुआत माना जाता है, जो आगे गुड फ्राइडे और ईस्टर तक चलता है।

खजूर की डालियां क्यों हैं खास, जानिए इसका धार्मिक महत्व

पादरी मनोज कुमार ने बताया कि खजूर की डालियां प्रेम, सम्मान, विजय और आत्मिक समर्पण का प्रतीक मानी जाती हैं। बाइबिल के अनुसार, जब प्रभु यीशु येरुशलम पहुंचे थे, तब लोगों ने उनके स्वागत में खजूर की डालियां बिछाईं और उन्हें शांति तथा उद्धार के प्रतीक के रूप में स्वीकार किया। यही कारण है कि आज भी पाम संडे पर चर्चों में खजूर की डालियों के साथ शोभायात्रा निकाली जाती है।

बच्चों ने प्रस्तुत किए मसीह गीत, भक्तिमय बना माहौल

कार्यक्रम के दौरान संडे स्कूल के बच्चों ने ‘शांति का राजा आ रहा है, होवे जय-जयकार’ सहित कई मसीह गीत प्रस्तुत किए। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया और पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। प्रार्थना सभा के समापन के बाद श्रद्धालुओं के बीच खजूर वितरित किए गए, जिसे लोगों ने आस्था और प्रेम के प्रतीक के रूप में ग्रहण किया।

बड़ी संख्या में पहुंचे मसीह समाज के लोग

इस अवसर पर राजीव के लाल, भावना लाल, विनीता, अमन मनीला, अजय जी लाल, आदित्य सहाय, विजय दयाल, रितेश ऑलिव, एलिस दयाल, डोरकास अबरार, सुनील विक्टर, वीना साइमन, निशा लाल, राहुल अबरार, सुषमा लाल, अनमोल लाल, प्रशांत एडसन सहित बड़ी संख्या में मसीह समाज के लोग मौजूद रहे।

Anuj Singh
Anuj Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News