फर्रुखाबाद में रहस्यमयी मौत: पंखे से लटका मिला 40 वर्षीय युवक का शव

जिले के फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र स्थित नेकपुर चौरासी गांव में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक का शव उसके ही घर की पहली मंजिल पर पंखे से लटका मिला। मृतक की पहचान 40 वर्षीय सानू के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

पत्नी-बच्चे नीचे सोते रहे, ऊपर कमरे में उठाया खौफनाक कदम

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सानू अपनी पत्नी प्रिया तिवारी और दो बच्चों के साथ अलग मकान में रह रहे थे, जबकि उनके माता-पिता पास के ही घर में रहते हैं। बुधवार देर रात वह घर लौटे और सीधे पहली मंजिल के कमरे में सोने चले गए। उसी दौरान उनकी पत्नी और बच्चे नीचे ही सोते रहे। किसी को अंदाजा नहीं था कि रात में ऐसा दर्दनाक हादसा हो जाएगा।

सुबह नहीं जागे तो खुला राज, परिजनों के उड़ गए होश

गुरुवार सुबह जब सानू काफी देर तक नीचे नहीं आए, तो परिजन उन्हें जगाने ऊपर पहुंचे। कमरे का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए—सानू का शव पंखे से लटका हुआ था। आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई।

मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू

सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

शराब की लत बनी वजह? जांच में जुटी पुलिस

प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि सानू शराब पीने का आदी था। हालांकि, आत्महत्या के पीछे का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस पारिवारिक और व्यक्तिगत पहलुओं को ध्यान में रखते हुए हर एंगल से जांच कर रही है।

पीछे छूट गया पूरा परिवार

मृतक अपने पीछे पत्नी, एक बेटी और एक बेटे को छोड़ गया है। घटना के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।

Anuj Singh
Anuj Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News