फर्रुखाबाद में पूर्व विधायक के घर जोरदार विस्फोट: तीन मंजिला मकान हिला, 6 घायल
Share your love

शहर के मोहल्ला नाला मछरट्टा में मंगलवार देर शाम एक जोरदार विस्फोट ने पूरे इलाके को दहला दिया। यह विस्फोट पूर्व विधायक विजय सिंह के आवास पर हुआ, जिसकी तीव्रता इतनी अधिक थी कि तीन मंजिला मकान तक हिल गया। धमाके के बाद घर के कई हिस्सों को भारी नुकसान पहुंचा, कांच टूटकर सड़क पर बिखर गया, एक हिस्से की छत उड़ गई और मलबा चारों ओर फैल गया।

मकान को भारी क्षति, सीमेंटेड अलमारी तक चकनाचूर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि घर के अंदर बनी सीमेंटेड अलमारियां तक टूट गईं। प्रथम तल के एक कमरे का लिंटर भी गिर गया। मकान में लगे कांच के पैनल पूरी तरह चटककर बाहर आ गिरे, जिससे आसपास के लोग भी दहशत में आ गए।
पूर्व विधायक के दोनों बेटे समेत 6 लोग घायल
इस हादसे में पूर्व विधायक के दोनों बेटे अविनाश उर्फ विक्की और अभिषेक उर्फ सिक्कई गंभीर रूप से घायल हो गए। इनके अलावा मोहल्ले के ईशु चौरसिया, भईया लाल चौहान, रामवीर यादव और राशु भी इस विस्फोट में घायल हुए हैं। सभी घायलों को तुरंत निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जबकि एक को लोहिया अस्पताल रेफर किया गया है। भईया लाल की हालत गंभीर बताई जा रही है।
धमाके के बाद मची अफरा-तफरी, जुटी भारी भीड़
विस्फोट के तुरंत बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार के बीच लोग घरों से बाहर निकल आए और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। पूर्व विधायक के समर्थक और स्थानीय लोग भी बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए।

गैस सिलेंडर विस्फोट की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विस्फोट का कारण गैस सिलेंडर फटना बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस अभी इसकी पुष्टि नहीं कर रही है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाए जाने की संभावना है ताकि विस्फोट के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके।






