तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने छीनी पल्लेदार की जान
Share your love

जनपद में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार पल्लेदार की मौत हो गई। जिला जेल से सेंट्रल जेल जाने वाले मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे आनन-फानन में लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
कोल्ड स्टोर से घर लौटते समय हुआ हादसा
मृतक की पहचान फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के गांव रामपुरा निवासी 30 वर्षीय विजय जाटव के रूप में हुई है। वह एक कोल्ड स्टोरेज में पल्लेदारी का काम करता था। रविवार देर रात काम खत्म कर वह बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान कोल्ड स्टोर से कुछ दूरी पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
हेलमेट न पहनने से सिर में आई गंभीर चोट
बताया गया कि हादसे के समय विजय ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। टक्कर लगने के बाद उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना के वक्त उसके पीछे चाचा उमेश और भाई मोहन साइकिल से आ रहे थे। हादसा होते ही दोनों ने घायल विजय को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके।
परिवार में सबसे बड़ा था विजय, अस्पताल में मचा कोहराम
परिजनों के अनुसार विजय अपने तीन भाइयों और दो बहनों में सबसे बड़ा था। उसके छोटे भाई मोहन और विनय हैं। पिता का नाम राम कीर्तन जाटव और माता का नाम चंद्रमुखी है। घटना की सूचना मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया और लोहिया अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
पुलिस को दी गई सूचना, शव मोर्चरी में रखा गया
अस्पताल प्रशासन ने घटना की जानकारी पुलिस को दे दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर व चालक की तलाश की जा रही है।






