भीड़ घटी, लेकिन एजेंसियों पर अभी भी लाइन

फर्रुखाबाद में घरेलू गैस सिलेंडर की उपलब्धता फिलहाल सामान्य बताई जा रही है। शनिवार को गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की भीड़ पिछले दो दिनों की तुलना में कुछ कम नजर आई, लेकिन बुकिंग कराने के लिए लोगों को अब भी लाइन में खड़ा होना पड़ रहा है। प्रशासन की ओर से स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए कई एजेंसियों पर पुलिसकर्मी तैनात किए गए, जो उपभोक्ताओं को व्यवस्थित तरीके से लाइन में लगवाते दिखाई दिए।

बुकिंग और पर्ची के लिए पहुंच रहे लोग

शहर की विभिन्न गैस एजेंसियों पर कुछ उपभोक्ता सिलेंडर की बुकिंग कराने के लिए तो कुछ केवल पर्ची लेने के लिए पहुंच रहे हैं। लाल सराय स्थित एक एजेंसी पर उप निरीक्षक और पुलिसकर्मी लोगों को लाइन में लगवाकर व्यवस्था बनाए रखते दिखे। एजेंसी के कर्मचारियों के अनुसार कई ऐसे लोग भी पासबुक लेकर पहुंच जाते हैं जिनका अगला सिलेंडर लेने का समय अभी पूरा नहीं हुआ है, जिससे अनावश्यक भीड़ बढ़ जाती है।

वितरण स्थल पर नहीं लग रही लाइन

गैस वितरण स्थल पर पहुंचे कई उपभोक्ताओं ने बताया कि सिलेंडर की आपूर्ति में कोई कमी नहीं है और सिलेंडर आसानी से मिल रहा है। शहर के मोहल्ला गंगानगर निवासी राम नरेश ने बताया कि उन्हें बिना किसी परेशानी के सिलेंडर मिल गया। वहीं शमशेर खां मोहल्ले के जहीर खान ने कहा कि बुकिंग के लिए लाइन में लगना पड़ा, लेकिन सिलेंडर लेने में कोई इंतजार नहीं करना पड़ा। खटकपुरा निवासी नदीम ने भी बताया कि बुकिंग स्थल पर भीड़ थी, लेकिन सिलेंडर दो मिनट में मिल गया।

प्रशासन का दावा: जिले में गैस की कोई कमी नहीं

जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ) सुरेंद्र यादव ने कहा कि जनपद में घरेलू गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और लगातार आपूर्ति भी आ रही है। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गैस एजेंसी संचालकों के साथ बैठक भी की जा चुकी है, जिसमें वितरण व्यवस्था को सुचारू रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि भीड़ के विश्लेषण में सामने आया कि लगभग 30 प्रतिशत लोग ऐसे हैं जो एक रिफिल लेने के बाद दूसरी रिफिल के लिए समय से पहले ही एजेंसी पहुंच रहे हैं।

25 दिन बाद ही मिलेगी दूसरी रिफिल

प्रशासन ने उपभोक्ताओं को यह भी याद दिलाया कि केंद्र सरकार के नए नियमों के अनुसार एक सिलेंडर की डिलीवरी के बाद अगली बुकिंग कम से कम 25 दिन पूरे होने पर ही की जा सकती है, ताकि जमाखोरी और कालाबाजारी पर रोक लगाई जा सके।

अफवाहों से बचने और ऑनलाइन बुकिंग की अपील

अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि गैस की कमी को लेकर अफवाहों पर ध्यान न दें। मोबाइल ऐप, टोल-फ्री नंबर और ऑनलाइन माध्यम से भी गैस बुकिंग की सुविधा उपलब्ध है। प्रशासन का कहना है कि घबराने की जरूरत नहीं है, जिले में गैस की आपूर्ति नियमित है और उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा।

Anuj Singh
Anuj Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News