जमीन विवाद और आर्थिक तंगी से जूझ रहे किसान ने फांसी लगाई, छह बच्चों का परिवार बेसहारा

जिले के मऊदरवाजा थाना क्षेत्र में एक 35 वर्षीय किसान ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात करीब 1 बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, किसान काफी समय से पारिवारिक और आर्थिक परेशानियों से जूझ रहा था।

कोल्ड स्टोरेज से लौटने के बाद उठाया आत्मघाती कदम

जानकारी के अनुसार शमशेरनगर, ग्राम पंचायत बरौन निवासी महिमाचंद्र राजपूत उर्फ वीरसिंह खेती और मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिजनों ने बताया कि बुधवार रात करीब 10 बजे वह अपने एक रिश्तेदार के साथ आलू रखने के लिए कोल्ड स्टोरेज गए थे। देर रात घर लौटने के बाद उन्होंने घर के बरामदे में अंगोछे का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। जब परिजनों की नजर पड़ी तो घर में चीख-पुकार मच गई।

सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम

घटना की सूचना मिलते ही हथियापुर चौकी इंचार्ज विनीत त्रिपाठी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी।

पीछे छूट गया बड़ा परिवार, रोते-बिलखते परिजन

महिमाचंद्र के पिता आसाराम का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में उनकी मां मुन्नी देवी, बड़ा भाई अरविंद राजपूत, एक बहन, पत्नी अर्चना और छह छोटे बच्चे हैं। बच्चों में पांच बेटियां — दुर्गा (14), आकांक्षा (11), प्राची (8), अपूर्वा (5), रश्मि (4) — और दो साल का बेटा अनमोल शामिल हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजन गहरे सदमे में हैं।

जमीन विवाद और आर्थिक तंगी की बात आई सामने

परिजनों का कहना है कि महिमाचंद्र का खेती की जमीन को लेकर एक डॉक्टर से लंबे समय से विवाद चल रहा था। यह मामला अदालत में भी विचाराधीन बताया जा रहा है। इसके अलावा परिवार आर्थिक तंगी से भी गुजर रहा था। परिजनों ने इन परिस्थितियों को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई हैं, जिनकी पुलिस जांच कर रही है।

तहरीर मिलने पर होगी आगे की कार्रवाई

मऊदरवाजा थाना प्रभारी अजब सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Anuj Singh
Anuj Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News