सर्वर ठप, एजेंसियों पर लंबी कतारें: फर्रुखाबाद में गैस बुकिंग के लिए उमड़ी भीड़

जिले में इन दिनों गैस सिलेंडर बुकिंग को लेकर गैस एजेंसियों पर भारी भीड़ देखने को मिल रही है। शहर की लालसराय स्थित पानी की टंकी के सामने एक गैस एजेंसी पर गुरुवार को सुबह से ही उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लग गईं। कई लोग घंटों लाइन में खड़े रहे, लेकिन बुकिंग और पर्ची मिलने में देरी होने से उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। उपभोक्ताओं का कहना है कि सर्वर और नेटवर्क की समस्या के कारण एजेंसी में कामकाज काफी धीमा हो गया है, जिससे स्थिति और भी अव्यवस्थित हो गई।

घंटों लाइन में खड़े ग्राहक, फिर भी नहीं मिल पा रही पर्ची

गैस एजेंसी पहुंचे कई उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि दो-दो घंटे लाइन में लगने के बावजूद उनकी पासबुक जमा नहीं की जा रही है और बुकिंग की पर्ची भी नहीं मिल पा रही। शहर निवासी सलीम खान ने बताया कि भीड़ इतनी अधिक है कि कर्मचारी पासबुक लेने में भी देरी कर रहे हैं। उनका सुझाव है कि एजेंसी पासबुक पहले जमा करके नाम पुकारने की व्यवस्था करे, जिससे भीड़ और अव्यवस्था को कम किया जा सके।

मोहल्ला खटकपुरा सिद्दीकी निवासी मुवीन और गंगानगर के धर्मवीर कुशवाहा ने भी बताया कि वे दो घंटे से अधिक समय से लाइन में खड़े हैं, लेकिन अभी तक उनकी बुकिंग नहीं हो सकी है। उनका कहना है कि कुछ लोग जबरन लाइन में घुस जाते हैं, जिससे कई लोगों का नंबर पीछे चला जाता है।

अफवाहों और आशंकाओं से बढ़ी भीड़

उपभोक्ताओं का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे युद्ध और गैस आपूर्ति को लेकर फैल रही चर्चाओं के कारण लोगों में भविष्य में सिलेंडर की कमी होने की आशंका बढ़ गई है। इसी डर से कई लोग पहले ही सिलेंडर बुक कराने के लिए एजेंसियों पर पहुंच रहे हैं। देश के कई हिस्सों में भी इसी तरह की अफवाहों और ऑनलाइन बुकिंग सिस्टम में तकनीकी समस्या के कारण गैस एजेंसियों पर भीड़ बढ़ने की खबरें सामने आई हैं।

सर्वर डाउन और नेट समस्या से बढ़ी परेशानी

शहर के पल्ला क्षेत्र के पास स्थित एक अन्य गैस एजेंसी पर भी उपभोक्ताओं को इसी तरह की परेशानी का सामना करना पड़ा। भीकमपुर निवासी नसरीन ने बताया कि वे काफी देर से बुकिंग के लिए खड़ी हैं, लेकिन एजेंसी के अंदर से बताया गया कि नेटवर्क नहीं चल रहा है। वहीं सत्येंद्र सिंह ने कहा कि वे अपनी माता की पासबुक की केवाईसी कराने आए थे, लेकिन स्टाफ की कमी और तकनीकी समस्या के कारण प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही है।

सधवाड़ा निवासी सुनील कुमार ने बताया कि वे बुधवार को भी गैस बुकिंग कराने आए थे, लेकिन उस दिन भी बुकिंग नहीं हो सकी। गुरुवार को भी करीब एक घंटे से लाइन में खड़े होने के बावजूद उनका काम नहीं हो पाया।

भीड़ संभालने के लिए लगाया गया होमगार्ड

एजेंसी परिसर में बढ़ती भीड़ को देखते हुए व्यवस्था संभालने के लिए एक होमगार्ड को भी तैनात किया गया। होमगार्ड ग्राहकों को लाइन में लगवाने और भीड़ नियंत्रित करने की कोशिश करते दिखाई दिए। उन्होंने बताया कि कुछ लोगों की पासबुक अंदर जमा है और कुछ लोग बाहर खड़े हैं। उन्होंने एजेंसी कर्मचारियों से पासबुक एक साथ जमा करने की व्यवस्था करने को कहा, ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके, लेकिन इस पर कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला।

प्रशासन का दावा—गैस की नहीं है कोई कमी

जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ) सुरेंद्र यादव ने बताया कि जनपद में गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है और सभी एजेंसियों पर पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें। अधिकारियों के अनुसार, सर्वर और नेटवर्क की अस्थायी समस्या के कारण बुकिंग प्रक्रिया धीमी हुई है, लेकिन जल्द ही स्थिति सामान्य हो जाएगी।

Anuj Singh
Anuj Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News