बबूल के पेड़ से लटका मिला ग्रामीण का शव, इलाके में सनसनी
Share your love

राजेपुर थाना क्षेत्र के गांव राई में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब खेतों की ओर गए ग्रामीणों ने एक व्यक्ति का शव बबूल के पेड़ से लटका देखा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का माना जा रहा है।
खेत में पेड़ से लटका मिला शव
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान गांव राई निवासी 50 वर्षीय रामलड़ते पुत्र रामस्वरूप के रूप में हुई है। मंगलवार सुबह जब ग्रामीण गेहूं के खेतों की ओर गए तो खंडोली गांव के पास एक बबूल के पेड़ से उनका शव फांसी के फंदे पर लटका दिखाई दिया। घटना की जानकारी तुरंत राजेपुर थाना पुलिस को दी गई। सूचना पर दरोगा जेपी वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पारिवारिक विवाद और आर्थिक तंगी की चर्चा
परिजनों के मुताबिक रामलड़ते के पांच बेटे हैं। करीब छह वर्ष पहले उनकी पहली पत्नी गुड्डी की बीमारी के चलते मौत हो गई थी। इसके बाद उन्होंने संगीता से दूसरी शादी की थी, लेकिन पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद रहता था। बताया गया कि लगभग छह दिन पहले संगीता अपने मायके जिला मऊ चली गई थी, जिसके बाद से रामलड़ते काफी परेशान रहने लगे थे।
मजदूरी करने गए थे, रातभर घर नहीं लौटे
परिवार के अनुसार सोमवार को रामलड़ते साइकिल से पांचाल घाट मजदूरी करने गए थे, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटे। मंगलवार सुबह उनका शव खेत में पेड़ से लटका मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में चर्चा का माहौल बन गया।
पुलिस कर रही मामले की जांच
थानाध्यक्ष सुदेश कुमार ने बताया कि ग्रामीण द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने की सूचना मिली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।






