चलती टेंपो में खेला गया चोरी का खेल, किन्नर के बैग से उड़े एक लाख चालक की सूझबूझ से पकड़े गए आरोपी

संवाद 24 संवाददाता। मोहम्मदाबाद क्षेत्र में टेंपो यात्रा के दौरान चोरी की एक घटना ने मंगलवार को सनसनी फैला दी। एक किन्नर यात्री के बैग से करीब एक लाख रुपये निकालकर भागने का प्रयास कर रहे तीन संदिग्धों को टेंपो चालक की सतर्कता और ग्रामीणों की मदद से मौके पर ही दबोच लिया गया। पुलिस ने बरामद नकदी पीड़ित को वापस कर दी है और आरोपियों से पूछताछ जारी है।

जानकारी के अनुसार मैनपुरी जनपद के बेवर से मोहम्मदाबाद आ रहे एक टेंपो में किन्नर समेत कुल छह यात्री सवार थे। गांव अलावलपुर के पास दो यात्री उतर गए। उसी दौरान टेंपो में बैठे तीन अन्य संदिग्धएक महिला, एक किशोर और एक अधेड़ भी अचानक उतरकर तेज़ी से जाने लगे। उनके व्यवहार पर चालक को संदेह हुआ और उसने उन्हें रोकने की कोशिश की।इसी बीच किन्नर ने अपना बैग चेक किया तो उसमें रखी लगभग एक लाख रुपये की नकदी गायब थी। उसने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने भाग रहे तीनों लोगों को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को हिरासत में लेकर कोतवाली ले आई। पूछताछ में अधेड़ व्यक्ति ने बताया कि महिला उसकी पत्नी और किशोर उसका पुत्र है। तीनों अलीगढ़ जनपद के निवासी बताए जा रहे हैं और फर्रुखाबाद क्षेत्र में कैंप लगाकर आयुर्वेदिक दवाएं बेचने का काम करते हैं।पुलिस ने आरोपियों के पास से पूरी रकम बरामद कर किन्नर को सौंप दी। नकदी वापस मिलने पर पीड़ित ने कानूनी कार्रवाई से इनकार कर दिया और वहां से चला गया।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि चोरी की गई पूरी रकम बरामद कर दी गई है। फिलहाल हिरासत में लिए गए दंपती और उनके पुत्र से पूछताछ जारी है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पर विचार किया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि दो दिन पहले भी क्षेत्र में एक महिला के बैग से जेवरात और नकदी चोरी होने की घटना सामने आई थी। लगातार हो रही ऐसी वारदातों से यात्रियों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। पुलिस ने यात्रियों को सार्वजनिक वाहनों में सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत सूचना देने की सलाह दी है।

Anuj Singh
Anuj Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News