कायमगंज में दर्दनाक घटना: मजदूर युवक की संदिग्ध हालात में मौत, जांच शुरू

संवाद 24 संवाददाता। कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के लखनपुर गांव में रविवार सुबह एक 25 वर्षीय युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक का शव उसके कमरे में पंखे से पत्नी की साड़ी के फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी उस समय हुई जब सुबह काफी देर तक वह कमरे से बाहर नहीं निकला।

परिजनों के अनुसार मृतक अंकित मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। शनिवार शाम वह रोज की तरह काम से लौटकर घर आया, भोजन करने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया। रविवार सुबह काफी देर तक दरवाजा बंद रहने और कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर परिजनों को आशंका हुई। दरवाजा खोलने पर अंकित का शव फंदे से लटका मिला, जिससे घर में कोहराम मच गया।

अंकित का विवाह लगभग तीन वर्ष पूर्व राजेपुर क्षेत्र के कुसुमाकर गांव निवासी रूबी से हुआ था। दंपति की आठ माह की एक पुत्री सिद्धि है। परिवार में वह पांच भाइयों में सबसे बड़ा था तथा उसकी एक बहन भी है। मृतक की मां रेनू ने बताया कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान रहता था। चार दिन पहले उसकी पत्नी मायके चली गई थी, जिसके बाद से वह चुप-चुप रहने लगा था।

घटना की सूचना मिलते ही क्राइम इंचार्ज इंस्पेक्टर सुरजीत सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौके पर फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने साक्ष्य संकलित किए।

पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Anuj Singh
Anuj Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News