बाइकों की आमने-सामने टक्कर में एक की मौत, दूसरा गंभीर अमृतपुर तहसील के पास हादसा
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। अमृतपुर तहसील के समीप शनिवार को दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में एक ग्रामीण की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक अपने रिश्तेदार की गमी में शामिल होने जा रहा था। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
पुलिस और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार हरदोई जिले के थाना पाली क्षेत्र के गांव सेमर झाला निवासी कमलेश कुमार सिंह (38) बाइक से मिर्जापुर थाने के गांव कटैल नगला जा रहे थे, जहां उन्हें अपनी मामी की गमी में शामिल होना था। अमृतपुर तहसील के पास उनकी बाइक की सामने से आ रहे कस्बा निवासी शिवम (19) की बाइक से जोरदार टक्कर हो गई। शिवम अपने गांव नगला हूसा लौट रहा था।
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तुरंत दोनों को राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए दोनों को लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया।लोहिया अस्पताल में चिकित्सकों ने कमलेश कुमार सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल शिवम की हालत गंभीर होने पर उसे सैफई मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है।
बताया गया कि कमलेश कुमार सिंह ने हेलमेट पहन रखा था, जबकि शिवम बिना हेलमेट के था। दुर्घटना की तीव्रता इतनी अधिक थी कि हेलमेट होने के बावजूद कमलेश की जान नहीं बच सकी। हादसे के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
कमलेश कुमार सिंह खेती-किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी पत्नी प्रीती, मां जमुना देवी और पिता नेपाल सिंह का रो-रोकर बुरा हाल है। उनके तीन पुत्र — देव, दिव्यांश और रिशू — पिता की असामयिक मौत से सदमे में हैं। गांव में शोक का माहौल है और परिजन तथा ग्रामीण लगातार सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि अमृतपुर तहसील मार्ग पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस मार्ग पर यातायात नियंत्रण और सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है।






