हत्या के मामले में फरार दो आरोपी गिरफ्तार: पैसों के लेनदेन पर हुआ था विवाद

संवाद 24 संवाददाता। फर्रुखाबाद जनपद के नवाबगंज थाना क्षेत्र में एक युवक की हत्या के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से हत्या में इस्तेमाल की गई बांस की लाठी भी बरामद की गई है।

नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव नवादा सिरौली में बीते 24 फरवरी को मौरंग डालने और पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था। इस विवाद में उदय प्रताप नामक युवक की लाठी लगने से मौत हो गई थी।

घटना के संबंध में 26 फरवरी को मुकदमा दर्ज किया गया था। शनिवार को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी धर्मवीर और उसके बेटे कुनाल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके पास से हत्या में प्रयुक्त बांस की लाठी भी बरामद की है।

26 फरवरी को दी गई तहरीर के अनुसार, अभियुक्तों ने वादिनी की जमीन पर मौरंग डालने और पैसों के लेनदेन को लेकर गाली-गलौज की थी। जब वादिनी के पुत्र उदय प्रताप ‘नन्हे’ ने मना किया, तो उसके साथ मारपीट की गई, जिससे इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। इस मामले में तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था।

पुलिस पूछताछ के दौरान अभियुक्त धर्मवीर ने बताया कि नन्हे के घर के सामने कुछ दिनों से उसकी मौरंग पड़ी थी। 24 फरवरी की शाम को नन्हे उर्फ उदय प्रताप ने अपने घर के सामने से मौरंग हटाने और मजदूरी का पैसा दिलाने को लेकर उससे हाथापाई और गाली-गलौज शुरू कर दी थी। मारपीट के दौरान धर्मवीर ने उसके सिर पर डंडा मार दिया था।

Anuj Singh
Anuj Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News