गांव से आई महिला का जेवरात भरा बैग टेंपो में छूटा, चालक पर हड़पने का आरोप
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। फर्रुखाबाद जनपद के मोहम्मदाबाद क्षेत्र में टेंपो यात्रा के दौरान बैग छूट जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने चालक पर बैग वापस न करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने प्रार्थना पत्र के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
कादरीगेट थाना क्षेत्र के सातनपुर निवासी सीता, पत्नी कलेक्टर, ने मोहम्मदाबाद कोतवाली में दिए शिकायती प्रार्थना पत्र में बताया कि 26 फरवरी की सुबह वह तकीपुर गांव स्थित अपनी बहन के घर से लगभग 11:45 बजे टेंपो से मोहम्मदाबाद आई थीं। यात्रा के दौरान उनका पॉलिथीन में रखा बैग टेंपो में ही छूट गया।
पीड़िता के अनुसार बैग में करीब 20 हजार रुपये नकद, सोने के झाले, सोने का पेंडिल तथा चांदी का कमरकंद रखा हुआ था। मोहम्मदाबाद पहुंचने के बाद बैग गायब होने की जानकारी होने पर उन्होंने तत्काल अपने परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने टेंपो चालक से संपर्क किया तो उसने पहले सामान लौटाने की बात कही, लेकिन बाद में देने से इंकार कर दिया।मामले की सूचना मिलने पर सीता ने मोहम्मदाबाद कोतवाली पहुंचकर लिखित शिकायत दी और सामान वापस दिलाने के साथ कानूनी कार्रवाई की मांग की।
कोतवाली मोहम्मदाबाद के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि पीड़िता का प्रार्थना पत्र प्राप्त हो गया है। प्रकरण की जांच कराई जा रही है और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।पुलिस ने लोगों से सार्वजनिक वाहनों में यात्रा करते समय अपने सामान की सावधानीपूर्वक जांच करने और उतरते समय बैग-सामान की पुष्टि करने की भी अपील की है।






