रामगंगा में बहता मिला 40 वर्षीय युवक का शव, आखिर कौन है मृतक? पुलिस उलझी पहचान में

संवाद 24 संवाददाता। जनपद फर्रुखाबाद के राजेपुर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्राम महेशपुर के सामने बह रही रामगंगा नदी में एक युवक का शव तैरता हुआ दिखाई दिया। ग्रामीणों ने नदी में शव उतराता देख तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

सूचना मिलते ही राजेपुर थाना प्रभारी सुदेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उनके साथ फॉरेंसिक टीम के सदस्य सचिन कुमार, उपनिरीक्षक आशुतोष तथा उपनिरीक्षक सत्यदेव ओझा भी मौजूद रहे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

प्रारंभिक जांच में मृतक की उम्र लगभग 40 वर्ष आंकी गई है। युवक ने लाल रंग की बनियान, काले रंग का लोअर तथा स्पोर्ट्स जूते पहन रखे थे। पुलिस ने शव की शिनाख्त के लिए तलाशी ली, लेकिन उसके पास से कोई पहचान पत्र अथवा दस्तावेज बरामद नहीं हुआ, जिससे पहचान स्थापित नहीं हो सकी।

मौके पर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला लोहिया अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया गया। पुलिस आसपास के थानों और चौकियों को भी सूचना देकर गुमशुदगी के मामलों का मिलान कर रही है।

थाना प्रभारी सुदेश कुमार के अनुसार मृतक की पहचान कराने का प्रयास जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारणों की स्पष्ट जानकारी हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं हादसा, आत्महत्या अथवा अन्य कारण को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

Anuj Singh
Anuj Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News