ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से शिक्षक की मौत, तेरहवीं से लौटते समय हादसा
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। फर्रुखाबाद में शुक्रवार रात एक सड़क हादसे में निजी स्कूल के शिक्षक रनवीर सिंह (50) की मौत हो गई। वे अपने चचेरे भाई के साथ तेरहवीं संस्कार से लौट रहे थे, तभी जनेया सिठेया गांव के पास आलू लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के कन्हैया याकूबपुर निवासी रणवीर सिंह शहर के एक निजी विद्यालय में पढ़ाते थे। शुक्रवार शाम को वे अपने चचेरे भाई भगत के साथ मदनापुर गांव में तेरहवीं संस्कार में शामिल होने गए थे। रात करीब सवा नौ बजे बाइक से घर लौटते समय यह हादसा हुआ।
गांव जनेया सिठेया के पास सामने से आ रही आलू लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। रणवीर सिंह ने हेलमेट नहीं पहना था, जिससे उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। वहीं, चचेरा भाई भगत उछलकर दूर जा गिरा और बच गया। टक्कर मारने के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर फरार हो गया।
सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और रणवीर सिंह को लोहिया अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिवार में मां रानी देवी, पत्नी विनीता और बेटे आयुष व पीयूष हैं। शनिवार को पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।






