मऊदरवाजा क्षेत्र में दर्दनाक घटना, तीन बच्चों के पिता ने की आत्महत्या
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। शहर के मऊदरवाजा थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक मजदूर द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना सामने आई है। मोहल्ला स्रावित खां निवासी 40 वर्षीय बादाम सिंह पुत्र स्वर्गीय रघुनाथ सिंह का शव उनके घर के अंदर फंदे से लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों के अनुसार सुबह जब मृतक के छोटे भाई सोनू सिंह घर के भीतर पहुंचे तो उन्होंने बादाम सिंह को मकान के मुकले में लकड़ी के सहारे साड़ी से बनाए गए फंदे पर लटका देखा। घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई, जिसके बाद थाना मऊदरवाजा पुलिस टीम और फॉरेंसिक कर्मी मौके पर पहुंच गए।
बताया गया है कि बादाम सिंह मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। करीब दस वर्ष पूर्व उनकी पत्नी का निधन हो चुका था। परिवार में तीन बच्चे हैंएक बेटी की शादी हो चुकी है, दूसरी बेटी संध्या (18 वर्ष) घर पर रहती है, जबकि सबसे छोटा बेटा सिद्धार्थ (12 वर्ष) मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है। पत्नी की मृत्यु के बाद मृतक पर परिवार की पूरी जिम्मेदारी थी।
परिजनों ने यह भी बताया कि बादाम सिंह शराब पीने के आदी थे। पुलिस की प्रारंभिक जांच में भी शराब की लत को घटना से जुड़ा एक संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि अंतिम स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
सूचना मिलते ही काशीराम कॉलोनी चौकी प्रभारी राघवेंद्र सिंह पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। थाना प्रभारी अजब सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, फिर भी सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल भेजा, जहां पोस्टमार्टम कराया जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।






