मऊदरवाजा पुलिस की कार्रवाई: मीट की दुकान पर छापा, सैंपल जांच के लिए भेजा

संवाद 24 संवाददाता। जनपद के मऊदरवाजा थाना क्षेत्र में कथित रूप से प्रतिबंधित मांस बेचने की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक मीट की दुकान से मांस कब्जे में लिया और विक्रेता व उसके बेटे को हिरासत में लिया। पुलिस ने मांस का नमूना भरकर परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है। फिलहाल दोनों के खिलाफ शांति भंग की आशंका में चालान किया गया है।

जानकारी के अनुसार हिंदू संगठन के कुछ लोगों ने पुलिस को शिकायत दी कि मोहल्ला भाऊ टोला निवासी सलीम और उनका बेटा वारिस मोहल्ले नक्काराज्चयान स्थित मीट की दुकान पर कथित तौर पर गाय का मांस बेच रहे हैं। शिकायत मिलने के बाद थाना प्रभारी अजब सिंह ने पुलिस टीम के साथ दुकान पर छापा मारा।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने दुकान में रखा मांस कब्जे में ले लिया। मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर विधिवत नमूना भरवाया गया, ताकि वैज्ञानिक परीक्षण के जरिए यह स्पष्ट हो सके कि मांस किस पशु का है।

थाना प्रभारी अजब सिंह ने बताया कि जब्त किए गए मांस का नमूना जांच के लिए लैब भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह तय होगा कि संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा या नहीं। यदि जांच में गाय का मांस पाए जाने की पुष्टि होती है, तो वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने सलीम और उसके बेटे बारिश को हिरासत में लेकर थाने लाया, जहां उनके खिलाफ शांति भंग की आशंका में चालान किया गया। अधिकारियों का कहना है कि मामले में कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने से लोगों को बचना चाहिए।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जांच पूरी होने से पहले किसी भी प्रकार की अपुष्ट जानकारी या अफवाह न फैलाएं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वैज्ञानिक रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी, जिससे निष्पक्षता और पारदर्शिता बनी रहे।

Anuj Singh
Anuj Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News