प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में की बैठक, योजनाओं के लाभार्थियों को चाबियां-प्रमाणपत्र व आर्थिक सहायता वितरित

Share your love

संवाद 24 संवाददाता। पर्यटन एवं संस्कृति विभाग उत्तर प्रदेश के मंत्री तथा जनपद के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा के साथ कई योजनाओं के लाभार्थियों को मौके पर ही सहायता और उपकरण वितरित किए गए।

बैठक की शुरुआत कृषि विभाग द्वारा चयनित लाभार्थियों को सहायता वितरण से हुई। कमालगंज के भूलनपुर-चिरपुरा निवासी श्यामचरण और राजेपुर के जिठौली निवासी प्रदीप कुमार को लगभग 10 लाख रुपये मूल्य के कस्टम हायरिंग सेंटर की चाबी प्रदान की गई, जिस पर 4 लाख रुपये की सब्सिडी मिलती है। इसके अलावा मत्स्य विभाग के एक लाभार्थी को मोपेड, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के तहत पांच लाभार्थियों को ट्राई साइकिल दी गई।

प्रभारी मंत्री ने पर्यटन विभाग द्वारा तैयार फर्रुखाबाद के पर्यटन स्थलों का गाइड मैप भी जारी किया। इस अवसर पर स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने उन्हें हर्बल गुलाल भेंट किया। स्किल इंडिया प्रतियोगिता 2025 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर आईटीआई फर्रुखाबाद के विद्यार्थियों द्वारा दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीतने पर उन्हें सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के दो लाभार्थियों को आवास की चाबी भी सौंपी गई।

उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत 226 स्वयं सहायता समूहों की प्रतिनिधि रेनू और रूपा को 5.65 लाख रुपये का प्रतीकात्मक चेक प्रदान किया गया। बाबा साहब अम्बेडकर रोजगार प्रोत्साहन योजना (वित्तीय वर्ष 2025-26) के पांच लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। सोलर पंप योजना के तीन लाभार्थियों, वृद्धावस्था पेंशन के पांच लाभार्थियों और मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) के दो बच्चों को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की शादी अनुदान योजना के पांच लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र तथा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत पांच लाभार्थियों को चेक वितरित किए गए। कृषि विभाग द्वारा पांच किसानों को मूंग बीज मिनी किट भी दी गई।

प्रभारी मंत्री ने पिछली समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की स्थिति जानी और सीएम डैशबोर्ड पर खराब प्रदर्शन कर रहे विभागों को कार्यप्रणाली सुधारने के निर्देश दिए। मुख्य विकास अधिकारी को पंचायती राज विभाग के 15वें वित्त आयोग में ‘बी’ रैंक आने पर स्वयं निगरानी करने को कहा गया।

कायमगंज विधायक डॉ. सुरभि ने कन्या सुमंगला योजना के पर्याप्त प्रचार-प्रसार न होने की शिकायत की, जिस पर मंत्री ने ग्राम पंचायत स्तर तक व्यापक प्रचार सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। इटावा-बरेली हाईवे की गुणवत्ता की पुनः जांच के लिए कमेटी गठित करने तथा कार्यदायी संस्थाओं को निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए।

मंत्री ने बताया कि पर्यटन विभाग “नींव करौरी सर्किट” विकसित करने की योजना पर काम कर रहा है, जिसे लखनऊ और दिल्ली से जोड़ा जाएगा। इससे क्षेत्रीय पर्यटन को बढ़ावा मिलने और स्थानीय रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद जताई गई।

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव, विधायक अमृतपुर सुशील शाक्य, विधायक सदर मेजर सुनील दत्त द्विवेदी, विधायक भोजपुर नागेंद्र सिंह राठौर, विधायक कायमगंज डॉ. सुरभि, भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक आरती सिंह तथा मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Anuj Singh
Anuj Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News