सिर के ऊपर मौत का तार: खेत में काम करते 13 वर्षीय बालक की दर्दनाक मौत
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। जनपद के मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में 13 वर्षीय किशोर की हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना गांव महोरिक नगर की है, जहां खेत में आलू खुदाई के दौरान हुई लापरवाही ने एक परिवार से उसका नाबालिग बेटा छीन लिया।
जानकारी के अनुसार महोरिक नगर निवासी रामू कुमार का पुत्र आदित्य मजदूरी के लिए गांव के ही एक व्यक्ति के खेत में आलू की खुदाई करने गया था। खुदाई के दौरान खेत में खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली पर चढ़ते समय वह ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के बेहद करीब पहुंच गया। संपर्क में आते ही वह गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
परिजन और ग्रामीण उसे तत्काल निजी वाहन से लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इमरजेंसी में मौजूद चिकित्सक डॉ. दीपक तिवारी ने परीक्षण के बाद किशोर को मृत घोषित कर दिया।
मृतक आदित्य दो भाइयों में दूसरे नंबर का था। बड़े भाई का नाम निलेश जाटव बताया गया है। घटना के समय पिता रामू कुमार कोल्ड स्टोर में मजदूरी करने गए थे। सूचना मिलते ही वे अस्पताल पहुंचे, जहां बेटे की मौत की खबर सुनकर बदहवास हो गए। मां का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि खेतों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइनों की ऊंचाई कई स्थानों पर काफी कम है, जिससे खेती-किसानी के दौरान लगातार हादसे की आशंका बनी रहती है। ट्रैक्टर, हार्वेस्टर और ट्रॉली जैसे कृषि उपकरणों के उपयोग के समय जोखिम और बढ़ जाता है।
ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से क्षेत्र में गुजर रही लाइनों की ऊंचाई बढ़ाने तथा सुरक्षा मानकों की जांच कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं को रोका जा सके।
यह घटना एक बार फिर ग्रामीण इलाकों में बिजली लाइनों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। विशेषज्ञों के अनुसार खेतों के ऊपर से गुजरने वाली हाईटेंशन लाइनों के आसपास चेतावनी संकेत, पर्याप्त ऊंचाई और नियमित निरीक्षण अत्यंत आवश्यक है। विशेष रूप से फसल कटाई या खुदाई के मौसम में बच्चों और मजदूरों को भी जोखिम के प्रति जागरूक करना जरूरी है।
प्रशासनिक स्तर पर यदि समय रहते आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं तो ऐसे हादसों से कई जिंदगियां बचाई जा सकती हैं। फिलहाल गांव महोरिक नगर में मासूम आदित्य की असमय मौत से शोक और संवेदना का माहौल बना हुआ है।






