गंगा में डूबे युवक का शव बरामद, 20 घंटे बाद खत्म हुई तलाश

संवाद 24 संवाददाता। जनपद के कमालगंज थाना क्षेत्र में गंगा नदी में डूबे युवक का शव लगभग 20 घंटे बाद मंगलवार सुबह बरामद कर लिया गया। गोताखोरों और पुलिस की संयुक्त टीम ने निर्माणाधीन पुल के पिलर संख्या-12 के पास चलाए गए सघन खोज अभियान के दौरान शव को बाहर निकाला। पुलिस ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मृतक की पहचान राहुल उर्फ लखपति (पुत्र संजय गुप्ता) निवासी मिठाईयां गली, कस्बा कमालगंज के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार राहुल अपने परिचित रामसिंह वर्मा उर्फ मुनीम जी के अंतिम संस्कार में शामिल होने गया था। रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे अंतिम संस्कार की प्रक्रिया चल रही थी, उसी दौरान वह निर्माणाधीन पुल के पास गहरे पानी की ओर चला गया और अचानक संतुलन बिगड़ने से गंगा में डूबने लगा। आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते उससे पहले वह लहरों में ओझल हो गया

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से तलाश शुरू कर दी गई। देर शाम तक कोई सफलता नहीं मिली तो गोताखोरों को बुलाया गया। पूरी रात परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर डटे रहे। मंगलवार सुबह पुनः खोज अभियान शुरू किया गया, जिसके बाद करीब 9:30 बजे गोताखोरों ने युवक का शव पानी से बाहर निकाल लिया। शव़ह मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे कस्बे में शोक की लहर फैल गई।

कमालगंज थाना अध्यक्ष अवध नारायण पांडे ने बताया कि दरोगा कल्लू प्रसाद को मौके पर भेजा गया था। पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटनावश डूबने का प्रतीत हो रहा है।

घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने निर्माणाधीन पुल स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था की कमी पर चिंता जताई है। लोगों का कहना है कि नदी किनारे चेतावनी बोर्ड, बैरिकेडिंग या सुरक्षा कर्मियों की व्यवस्था नहीं होने से हादसों की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से स्थायी सुरक्षा प्रबंध कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

इस हादसे ने एक बार फिर नदी किनारे असुरक्षित निर्माण स्थलों की निगरानी और सावधानी के अभाव को उजागर कर दिया है। प्रशासनिक स्तर पर प्रभावी सुरक्षा उपाय लागू किए जाने की आवश्यकता महसूस की जा रही है।

Anuj Singh
Anuj Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News