रामपुर की घटना पर वकीलों में रोष, जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। रामपुर में दिनदहाड़े अधिवक्ता फारूख अहमद खान की जिला पंचायत परिसर में हुई हत्या से फर्रुखाबाद के अधिवक्ताओं में गहरा आक्रोश व्याप्त है। घटना के विरोध में जिला बार के आह्वान पर वकीलों ने प्रदर्शन करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।
अधिवक्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने कानून व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं। वकीलों ने मांग की कि आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
बार एसोसिएशन के महासचिव कुमार सिंह यादव के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने घटना की कड़ी निंदा की। वक्ताओं ने कहा कि अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लंबे समय से अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने शीघ्र निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने काली पट्टी बांधकर विरोध जताया और न्यायिक कार्य से विरत रहने की भी घोषणा की। जिलाधिकारी ने अधिवक्ताओं को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों को शासन स्तर तक पहुंचाया जाएगा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।






