फर्रुखाबाद में रोज डे पर महकेंगे महंगे गुलाब, 60 से 100 रुपये तक पहुंच सकती है कीमत
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। वैलेंटाइन डे सप्ताह की शुरुआत शनिवार से ‘रोज डे’ के साथ होने जा रही है और इसे लेकर फर्रुखाबाद के बाजारों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। इस बार गुलाब की खुशबू के साथ कीमतों की तपिश भी बढ़ी हुई है। फूल विक्रेताओं के अनुसार रोज डे पर एक गुलाब की कीमत 60 से 70 रुपये के बीच रहेगी, जबकि मांग बढ़ने पर यह 80 से 100 रुपये तक पहुंच सकती है।
शहर के प्रमुख बाजारों—फतेहगढ़ से लेकर चौक और भोलेपुर तक—फूलों की दुकानों को विशेष रूप से सजाया गया है। इस बार स्थानीय मांग को देखते हुए दिल्ली और कोलकाता से खास किस्म के गुलाब मंगाए गए हैं, जिनकी रंगत और ताजगी ग्राहकों को आकर्षित कर रही है।
भोलेपुर के फूल विक्रेता नंदन सैनी के मुताबिक, कोलकाता से आए विशेष गुलाबों की मांग काफी अधिक है। उन्होंने बताया कि हाल की बारिश और आपूर्ति लागत बढ़ने के कारण दामों में इजाफा हुआ है। स्थिति यह है कि जो कीमत पिछले साल खुदरा में थी, वही इस बार थोक में पड़ रही है।
वहीं चौक बाजार के फूल विक्रेता शिवम सैनी ने बताया कि रोज डे को लेकर एडवांस बुकिंग शुरू हो चुकी है और अब तक कई ऑर्डर मिल चुके हैं। उनका अनुमान है कि 14 फरवरी के करीब आते-आते गुलाब की कीमत और बढ़ सकती है। इस बार सिर्फ गुलाब ही नहीं, बल्कि चॉकलेट बुके और कोरियाई पेपर रैपिंग की भी जबरदस्त मांग है। कपल्स के लिए विशेष डिजाइन वाले बुके तैयार किए जा रहे हैं।
बाजार में अलग-अलग भावनाओं को दर्शाते गुलाब भी प्रमुखता से सजे हैं—लाल गुलाब प्यार के इजहार के लिए, सफेद गुलाब सच्चाई और शांति का प्रतीक बने हैं, जबकि गुलाबी गुलाब दोस्ती और खास एहसास को दर्शा रहे हैं।
कुल मिलाकर, फर्रुखाबाद शहर रोज डे के रंग में रंग चुका है। फूलों की खुशबू, सजे-धजे बाजार और बढ़ती मांग के बीच इस बार प्यार का इजहार थोड़ा महंगा जरूर होगा, लेकिन उत्साह में कोई कमी नजर नहीं आ रही।






