नवविवाहिता की मौत से मचा हड़कंप, मायके पक्ष ने ससुराल पर लगाए गंभीर आरोप
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। कायमगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत जिराऊ गांव में गुरुवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान सुरभि (पत्नी विकास) के रूप में हुई है, जिनकी शादी लगभग 11 माह पूर्व हुई थी। सुरभि का मायका नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव शुकरुल्लापुर में बताया गया है।
परिजनों के अनुसार, पति विकास ने बताया कि सुरभि पिछले कुछ महीनों से बीमार चल रही थीं और उनका उपचार कराया जा रहा था। गुरुवार को एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। हालांकि, इस सूचना के बाद जब मायके पक्ष के लोग जिराऊ गांव पहुंचे, तो उन्होंने सुरभि की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या का आरोप लगाया और हंगामा किया।
मामले की सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करते हुए जांच शुरू की। पुलिस ने गांव में लोगों से पूछताछ की और घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों को संकलित किया।
पुलिस ने पति विकास की ओर से दी गई फौती सूचना के आधार पर शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी ने बताया कि फिलहाल मायके पक्ष की ओर से मौखिक रूप से सूचना दी गई है। यदि इस संबंध में लिखित तहरीर प्राप्त होती है, तो उसके आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट स्थिति सामने आ सकेगी। फिलहाल मामले की निष्पक्ष जांच जारी है।






