डीएम के औचक निरीक्षण से हरकत में अधिकारी, सफाई व राजस्व व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। जनपद के मोहम्मदाबाद नगर पंचायत कार्यालय का जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, अभिलेखों की स्थिति, जनसुनवाई व्यवस्था, साफ-सफाई तथा नागरिक सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने नगर पंचायत में संचालित विकास कार्यों एवं विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों से संबंधित सेवाओं में पारदर्शिता, जवाबदेही और संवेदनशीलता प्राथमिकता होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण, कार्यालय अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव और नियमित आंतरिक निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। साथ ही नगर पंचायत में पड़ी निष्प्रयोज्य मशीनरी का मूल्यांकन कर नीलामी प्रक्रिया शुरू करने तथा खराब पड़ी कूड़ा गाड़ियों की तत्काल मरम्मत कराने को कहा।
इसके अतिरिक्त, नगर पंचायत परिसर में स्थित पानी की टंकी के वॉल्व दुरुस्त कराने, रिक्त पदों के लिए शासन को अधियाचन भेजने, जलकर एवं गृहकर की वसूली में तेजी लाने तथा नगर क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था को प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए गए। निरीक्षण के समय अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।






