तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से बाइक सवार दो युवक गंभीर, लोहिया अस्पताल रेफर
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। जनपद के अमृतपुर थाना क्षेत्र में सोमवार देर शाम स्टेट हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बांसी अड्डा के पास जानवरों से लदी एक तेज रफ्तार पिकअप ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवक उछलकर सड़क किनारे दूर जा गिरे। घटना की सूचना मिलते ही अमृतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति संभाली। हादसे के बाद कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा, वहीं मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।
घायलों की पहचान कमालगंज थाना क्षेत्र के बलीपुर निवासी अमित और उसके पड़ोसी अनुराग के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि अमित ने मार्च 2025 में शाहजहांपुर के मिर्जापुर से किस्तों पर बाइक खरीदी थी। सोमवार को दोनों युवक उसी बाइक की किस्त जमा करने मिर्जापुर गए थे और देर शाम अपने गांव बलीपुर लौट रहे थे, तभी यह दुर्घटना हो गई।
सूचना पर 108 एंबुलेंस को कॉल किया गया, लेकिन काफी देर तक एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंच सकी। इसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को अपनी सरकारी गाड़ी से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया।
लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी में दोनों का इलाज जारी है, जहां चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। वहीं, पुलिस ने दुर्घटना में शामिल पिकअप वाहन को कब्जे में लेकर थाने पहुंचा दिया है और मामले की जांच की जा रही है।






