धर्मपुर–भीमपुर कटरी में गंगा कटान से बचाव की मांग तेज, तटबंध निर्माण को लेकर कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। जनपद के गंगा तटवर्ती इलाकों में लगातार बढ़ रहे कटान के खिलाफ सोमवार को तटबंध बनाओ संघर्ष समिति ने प्रशासनिक स्तर पर हस्तक्षेप की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। समिति के अध्यक्ष भइयन मिश्रा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीण फतेहगढ़ कलेक्ट्रेट पहुंचे और मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि फर्रुखाबाद तहसील क्षेत्र के बालपुर ब्लॉक अंतर्गत कटरी धर्मपुर और कटरी भीमपुर तथा उनके मजरे वर्षों से गंगा नदी के तीव्र कटान की चपेट में हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि त्वरित और स्थायी सुरक्षा उपाय नहीं किए गए तो ये बस्तियां पूरी तरह नदी की धारा में समा सकती हैं।
समिति ने जिला प्रशासन का ध्यान इस ओर दिलाया कि हर वर्ष गंगा की बाढ़ से सैकड़ों गांव प्रभावित होते हैं। आवागमन ठप हो जाता है, फसलें नष्ट होती हैं और हजारों एकड़ कृषि भूमि के साथ मकान भी कटान में बह जाते हैं। इस स्थिति से ग्रामीणों की आजीविका और पुनर्वास दोनों पर गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
संघर्ष समिति ने जिले की सीमा पर गंगा के दोनों किनारों पर वैज्ञानिक तरीके से तटबंध निर्माण की मांग की। साथ ही सिंचाई विभाग से तत्काल प्रभावी व्यवस्था लागू करने का आग्रह किया गया, ताकि कटान पर नियंत्रण हो और तटवर्ती गांवों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। समिति ने चेतावनी दी कि समय रहते कार्रवाई न होने पर हजारों लोगों के सामने जीवन और निवास का संकट खड़ा हो जाएगा।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि तटबंध निर्माण के समर्थन में 11 फरवरी से राजेपुर ब्लॉक क्षेत्र के गांव कढ़हर से अटेना घाट तक विशाल पदयात्रा शुरू की जाएगी। समिति की स्पष्ट मांग है कि सरकार शीघ्र तटबंध निर्माण की घोषणा करे। प्रदर्शन के दौरान बजरंग दल के जिलाध्यक्ष कमल सहित चंद्रशेखर, राजीव सिंह, महेंद्र सिंह, आकाश, राम जी, योगेश, शीशपाल, सुबोध, कप्तान सिंह, मनीष यादव, धर्मवीर, प्रमोद और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।






