वीसीबी में धमाके से उपकेंद्र ठप, सात फीडरों की बिजली छह घंटे बाधित

संवाद 24 संवाददाता। कस्बा क्षेत्र में रविवार भोर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब विद्युत उपकेंद्र में लगी वीसीबी (वैक्यू सर्किट ब्रेकर) में तेज धमाका हो गया। धमाके के साथ ही उपकेंद्र पूरी तरह ठप हो गया, जिससे सात फीडरों की बिजली आपूर्ति एक साथ बाधित हो गई। सुबह के समय बिजली न मिलने से घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित रहीं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कस्बे के निकटवर्ती गांव महरूपुर राबी स्थित विद्युत उपकेंद्र में सुबह करीब 4:30 बजे वीसीबी में अचानक तेज आवाज के साथ फाल्ट उत्पन्न हो गया। इसके चलते कस्बे के अलावा कैंटाह, खुदागंज, कोहरापुर, गदनपुर तुर्रा सहित सभी संबंधित फीडरों की बिजली गुल हो गई। अंधेरे और बिजली संकट के कारण लोगों को सुबह की दिनचर्या में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

सूचना मिलते ही विद्युत विभाग हरकत में आया। सुबह लगभग आठ बजे टीजीटू चंदन के नेतृत्व में लाइनमैन कंचन प्रकाश ने मरम्मत कार्य शुरू कराया। तकनीकी टीम ने फाल्ट की पहचान कर आवश्यक सुधार किया। कई घंटे चले मरम्मत कार्य के बाद करीब 10:30 बजे उपकेंद्र को आंशिक रूप से बहाल किया गया, जबकि 11 बजे तक सभी फीडरों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह दुरुस्त कर दी गई।

अवर अभियंता मदनचंद्र ने बताया कि अधिक नमी के कारण मशीन में फाल्ट आया था, जिससे वीसीबी प्रभावित हुई। समय रहते मरम्मत कर आपूर्ति बहाल कर दी गई है।

नवाबगंज में एचटी लाइन फाल्ट से 20 गांव अंधेरे में डूबे

उधर, नवाबगंज क्षेत्र में शनिवार रात एचटी लाइन में फाल्ट आने से कस्बा और उससे जुड़े करीब 20 गांवों की बिजली आपूर्ति रात तीन बजे बाधित हो गई। बिजली न मिलने से पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हुई, जिससे लोगों को हैंडपंप का सहारा लेना पड़ा। नगर पंचायत फीडर पर ब्लॉक कार्यालय के पास लाइन में आई खराबी को कर्मचारियों ने सुबह तलाश कर ठीक किया। इसके बाद सुबह नौ बजे के बाद क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी।

अवर अभियंता अब्दुल मजीद ने बताया कि लाइन फाल्ट के चलते आपूर्ति बंद करनी पड़ी थी, जिसे ठीक कराकर बिजली चालू कर दी गई है।

लगातार हो रही तकनीकी खराबियों से उपभोक्ताओं में असंतोष देखा जा रहा है। लोगों ने विभाग से मांग की है कि समय रहते उपकरणों की जांच और रखरखाव सुनिश्चित किया जाए, ताकि बार-बार होने वाली बिजली कटौती से राहत मिल सके।

Anuj Singh
Anuj Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News