आशा कार्यकर्ताओं का कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन, सीएमओ पर अपशब्द बोलने का आरोप

संवाद 24 संवाददाता।जिले में शुक्रवार को आशा कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) का घेराव कर जमकर नारेबाजी की। आशा कार्यकर्ताओं ने सीएमओ पर अपशब्द बोलने का आरोप लगाया, जिसको लेकर माहौल कुछ समय के लिए तनावपूर्ण हो गया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आशा कार्यकर्ता अपनी विभिन्न मांगों को लेकर लंबे समय से धरना-प्रदर्शन कर रही हैं। शुक्रवार को वे अपनी मांगों से संबंधित एक ज्ञापन सौंपने के लिए कलेक्ट्रेट पहुंचीं और सिटी मजिस्ट्रेट से मुलाकात की। आशा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि ज्ञापन सौंपने के बाद सिटी मजिस्ट्रेट द्वारा सीएमओ को फोन किया गया, इसी दौरान फोन पर उनके लिए अपशब्दों का प्रयोग किया गया, जिसे वे सुन सकीं। इससे नाराज होकर आशा कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया।

इसी बीच सीएमओ भी कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे। जैसे ही वे अपने वाहन से उतरे, आशा कार्यकर्ताओं ने उन्हें घेर लिया और नारेबाजी शुरू कर दी। सीएमओ सभागार की ओर बढ़ने लगे, लेकिन आशा कार्यकर्ता उनके पीछे-पीछे नारे लगाती रहीं। सुरक्षाकर्मियों ने स्थिति संभालने का प्रयास किया, हालांकि प्रदर्शनकारी शांत नहीं हुईं।

बताया जा रहा है कि आशा कार्यकर्ताओं ने सभागार में प्रवेश करने की भी कोशिश की, लेकिन सिटी मजिस्ट्रेट के हस्तक्षेप के बाद उन्हें समझा-बुझाकर शांत कराया गया। कुछ देर बाद स्थिति सामान्य हो सकी। इस घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है, जिस पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

वहीं, इस मामले में सीएमओ अवनींद्र कुमार ने अपने ऊपर लगे आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आशा कार्यकर्ता भुगतान को लेकर धरना दे रही थीं, जिसका भुगतान कर दिया गया है। वर्तमान में वे नियमितीकरण की मांग कर रही हैं। सीएमओ ने यह भी कहा कि उनके द्वारा किसी भी प्रकार के अपशब्दों का प्रयोग नहीं किया गया है।
प्रशासन का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थिति पर नजर रखी जा रही है और सभी पक्षों से बातचीत कर समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।

Anuj Singh
Anuj Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News