गांधी विचार मंच ने पूर्व विधायक महरम सिंह को किया स्मरण, विचार गोष्ठी में उनके आदर्शों पर हुआ मंथन

संवाद 24 संवाददाता। मेला श्रीरामनगरिया के सांस्कृतिक पांडाल में शुक्रवार को गांधी विचार प्रचार मंच के बैनर तले एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य मंच के संस्थापक एवं मेला श्रीरामनगरिया के प्रेरणास्रोत, पूर्व विधायक स्मृतिशेष महरम सिंह के विचारों, मूल्यों और सामाजिक योगदान को स्मरण करना रहा। दोपहर 12 बजे से प्रारंभ हुई इस गोष्ठी में सामाजिक समरसता, सद्भाव और गांधीवादी दर्शन पर व्यापक चर्चा की गई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व जिला शासकीय अधिवक्ता (डीजीसी) एवं वरिष्ठ अधिवक्ता सुरेंद्र सिंह सोमवंशी ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में राजेपुर ब्लॉक प्रमुख पल्लव सोमवंशी तथा भारतीय जनता पार्टी के जिला महामंत्री कैप्टन डी.एस. राठौर उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन महेश पाल सिंह उपकारी ने किया, जबकि स्वागताध्यक्ष की भूमिका मेला श्रीरामनगरिया के संस्थापक महरम सिंह के सुपुत्र दिनेश प्रकाश सिंह ‘अन्नू भैया’ ने निभाई।

विशिष्ट अतिथि कैप्टन डी.एस. राठौर ने अपने संबोधन में कहा कि जिस प्रकार महात्मा गांधी बुराइयों को न देखने, न सुनने और न करने के सिद्धांत पर चलते थे, उसी प्रकार महरम सिंह भी समाज से कुरीतियों को दूर कर समरसता और भाईचारे को बढ़ावा देने के लिए आजीवन प्रयासरत रहे। उन्होंने कहा कि महरम सिंह के विचार आज भी समाज को सही दिशा दिखाने वाले हैं।

राजेपुर ब्लॉक प्रमुख पल्लव सोमवंशी ने महरम सिंह को आधुनिक युग का गांधी बताते हुए उनके चरित्र और जीवन मूल्यों के अनुकरण का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सादा जीवन और उच्च विचार के सिद्धांत को अपनाते हुए महरम सिंह ने सांसारिक सुख-सुविधाओं से दूर रहकर एक योगी की भांति जीवन व्यतीत किया, जो आज की पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है।

कार्यक्रम अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह सोमवंशी ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महात्मा गांधी और फर्रुखाबाद के गांधी कहे जाने वाले महरम सिंह के मार्ग पर चलकर ही समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है। उन्होंने महरम सिंह से जुड़े अनेक संस्मरण साझा करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

विचार गोष्ठी में देशराज सिंह राठौर, अनिल सिंह गहरवार (प्रधानाचार्य), वैभव सोमवंशी ‘सुभग’, सत्यपाल सिंह ‘प्रगल्भ’, सुमन राठौर, रमला राठौर, जिला पंचायत सदस्य अजय कुमार सिंह चौहान ‘लल्ला भैया’, उदयपाल सिंह प्रधान सहित अनेक वक्ताओं ने अपने विचार रखे। इस अवसर पर ब्रजेश सिंह ‘कल्लू’, रामशंकर पाण्डेय, बब्लू प्रधान, अनुजा सोमवंशी क्षमा, शीला कटियार, राधा राठौर, विभोर सोमवंशी, जगतपाल सिंह, अवधेश सिंह तथा महात्मा हरभान सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

गोष्ठी के माध्यम से वक्ताओं ने महरम सिंह के विचारों को आत्मसात करने और समाज में गांधीवादी मूल्यों को सशक्त रूप से आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।

Anuj Singh
Anuj Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News