फतेहगढ़ में एनएचएम के तहत संविदा चिकित्सकों व कोविड कर्मियों का समायोजन, नियुक्ति पत्र वितरित

संवाद 24 संवाददाता। फतेहगढ़ स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम), उत्तर प्रदेश के अंतर्गत चयनित संविदा चिकित्सकों एवं कोविड-19 स्टाफ को नियुक्ति पत्र वितरित करने का कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सांसद मुकेश राजपूत, जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी तथा पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने नवनियुक्त कर्मियों को नियुक्ति पत्र सौंपे।

इस अवसर पर संविदा चिकित्सक पदों पर चयनित चिकित्सकों रोहित तिवारी, यशराज सिंह भदौरिया, तान्या राठौर एवं प्रदीप कुमार को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। वहीं, कोविड-19 स्टाफ के अंतर्गत कार्यरत 35 कर्मियों का वार्ड बॉय, आया, स्वीपर एवं तकनीशियन पदों पर समायोजन करते हुए उन्हें भी औपचारिक रूप से नियुक्ति पत्र दिए गए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने कहा कि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने में इन नियुक्तियों की अहम भूमिका होगी। कोविड काल में सेवाएं देने वाले कर्मियों के अनुभव का लाभ अब नियमित स्वास्थ्य व्यवस्थाओं में मिलेगा, जिससे आमजन को बेहतर उपचार सुविधा उपलब्ध कराई जा सकेगी।

इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, नगर मजिस्ट्रेट संजय बंसल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने सभी नवनियुक्त चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को शुभकामनाएं देते हुए अपेक्षा जताई कि वे पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ जनस्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाएंगे।

Anuj Singh
Anuj Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News