फर्रुखाबाद में युवतियों के आरोप के बाद रोडवेज चौकी पर हंगामा, चार हिरासत में
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। कादरी गेट थाना क्षेत्र स्थित रोडवेज बस अड्डा चौकी पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पुलिस द्वारा संदिग्ध परिस्थितियों में पकड़े गए युवक और युवती को लेकर विवाद खड़ा हो गया। युवती ने पुलिस पर बिना महिला पुलिस की मौजूदगी में मारपीट करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया, जिसके बाद स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।
जानकारी के अनुसार, कादरी गेट पुलिस ने बस अड्डे पर एक युवक और युवती को संदिग्ध मानते हुए हिरासत में लिया और उन्हें रोडवेज चौकी ले जाया गया। चौकी के अंदर प्रवेश को लेकर पुलिस और युवक-युवती के बीच धक्का-मुक्की हो गई, जिससे चौकी का गेट भी क्षतिग्रस्त हो गया। इसी दौरान युवती ने फोन कर अपनी सहेली को मौके पर बुला लिया।
मौके पर पहुंची युवती की सहेली ने घटनाक्रम का वीडियो बनाना शुरू किया, जिसको लेकर पुलिस और उसके बीच नोकझोंक हो गई। आरोप है कि पुलिस ने सहेली का मोबाइल फोन भी अपने कब्जे में ले लिया। युवती ने आरोप लगाया कि पुलिस ने महिला पुलिस के बिना ही उनके साथ मारपीट की, जो कानूनी रूप से गलत है।
हंगामे की सूचना पर पुलिस ने महिला पुलिस को मौके पर बुलाया। इस बीच पकड़ी गई युवती की मां भी वहां पहुंच गईं। कुछ देर बाद कादरी गेट थानाध्यक्ष कपिल कुमार और महिला थानाध्यक्ष रक्षा सिंह भी चौकी पर पहुंचे। महिला थानाध्यक्ष रक्षा सिंह ने युवती, उसकी सहेली और युवक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन विवाद बढ़ने पर उन्हें भी हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस ने युवक, युवती और उनकी सहेली सहित कुल चार लोगों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। कादरी गेट थानाध्यक्ष कपिल चौधरी ने बताया कि युवक और युवती संदिग्ध प्रतीत होने पर रोके गए थे। पुलिस कार्रवाई के दौरान वे विवाद करने लगे, जिसके चलते कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि महिला पुलिस मौके पर मौजूद थी।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






