मतदाता सूची की शुद्धता से ही मजबूत होगा लोकतंत्र
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार भोजपुर स्थित विश्वविद्यालय परिसर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण के साथ किया।
कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय के छात्रों ने भाषणों के माध्यम से राष्ट्रीय मतदाता दिवस के महत्व पर अपने विचार रखे। छात्रों ने मतदान के अधिकार, लोकतंत्र में नागरिकों की भूमिका और युवा मतदाताओं की जिम्मेदारियों पर सारगर्भित प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें उपस्थित अधिकारियों ने सराहा।
इसके पश्चात जिलाधिकारी ने अधिकारियों, कर्मचारियों एवं छात्रों को मतदाता शपथ दिलाई। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि छात्रों ने मतदाता जागरूकता से जुड़े विषयों को सरल, प्रभावशाली और प्रेरणादायी ढंग से प्रस्तुत किया है, जो लोकतांत्रिक चेतना को मजबूत करने में सहायक है।
जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने कहा कि संविधान द्वारा 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले प्रत्येक नागरिक को मताधिकार प्रदान किया गया है। यह अधिकार लोकतंत्र की बुनियाद है और इसके प्रभावी उपयोग से ही देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था सुदृढ़ होती है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मतदाता सूची जितनी शुद्ध होगी, लोकतंत्र उतना ही मजबूत होगा।
उन्होंने सभी बीएलओ को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे सभी युवाओं का अनिवार्य रूप से मतदाता पहचान पत्र बनवाना सुनिश्चित करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदान से वंचित न रह जाए।
जिलाधिकारी ने युवाओं को देश का भविष्य बताते हुए कहा कि यदि युवा अपने मताधिकार का प्रयोग नहीं करेंगे, तो वे अपने अधिकारों और जिम्मेदारियों को पूरी तरह नहीं समझ पाएंगे। देश की नीतियां और नागरिकों को मिलने वाले अधिकार प्रत्यक्ष रूप से मतदान से जुड़े होते हैं।
उन्होंने सभी मतदाताओं से अपील की कि मतदान के दिन अपने घरों से निकलकर अनिवार्य रूप से मतदान करें, जिससे सक्षम और जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों का चयन हो सके।
कार्यक्रम के अंत में स्वीप एवं एसआईआर कार्यक्रम के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ एवं सुपरवाइजरों को प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, उप जिलाधिकारी सदर रजनीकांत पाण्डेय, अपर उप जिलाधिकारी सदर तथा जिला विद्यालय निरीक्षक नरेंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।






