आस्था पर वार: पूजा के नाम पर महिला से डेढ़ लाख की ठगी, तांत्रिक फरार

संवाद 24 संवाददाता। फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र में आस्था और भय का सहारा लेकर ठगी करने का एक गंभीर मामला सामने आया है। परिवार पर संकट टलने का झांसा देकर खुद को तांत्रिक बताने वाले जालसाज ने एक महिला से करीब डेढ़ लाख रुपये कीमत के सोने के जेवर ठग लिए। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

फतेहगढ़ के जेएनवी रोड भखरामऊ निवासी मुकेश कुमार की पत्नी मंजुल लता के अनुसार, 21 जनवरी की शाम करीब 5:45 बजे वह दूध लेने के लिए घर से निकली थीं। इसी दौरान मूकबधिर विद्यालय के पास एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें रोका। उसने खुद को तांत्रिक बताते हुए कहा कि उनके बच्चों पर बड़ा संकट आने वाला है और इससे बचने के लिए विशेष पूजा करानी होगी।

आरोपी ने महिला को डर और भ्रम में डालकर पूजा की प्रक्रिया बताई। उसके कहने पर मंजुल लता ने अपने पहने हुए सोने के कुंडल, मंगलसूत्र समेत अन्य जेवर उतार दिए, जिनकी अनुमानित कीमत डेढ़ लाख रुपये बताई गई है। कथित तांत्रिक ने जेवरों को कागज में रखवाकर सफेद धागे से लपेटा और निर्देश दिया कि इन्हें घर के पूजाघर में रखकर वहीं खोला जाए।

जब महिला घर पहुंचीं और बताए गए अनुसार कागज खोला, तो उसमें जेवरों की जगह पत्थर निकले। तब उन्हें ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने फतेहगढ़ कोतवाली पहुंचकर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ तहरीर दी।

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच एसआई हेमंत कुमार को सौंपी गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अंधविश्वास, डर या किसी अनजान व्यक्ति के झांसे में न आएं। इस तरह की घटनाओं में तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके और अन्य लोगों को ठगी से बचाया जा सके।

Anuj Singh
Anuj Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News