कमालगंज में पुलिस-बदमाश मुठभेड़, 25 हजार का इनामी चोर पैर में गोली लगने से दबोचा गया

संवाद 24, फर्रुखाबाद। थाना कमालगंज क्षेत्र में चोरी के एक मामले में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार करने के दौरान पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसके बाद उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कमालगंज में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम बलीपुर थाना कमालगंज निवासी राजकिशोर पुत्र तेज सिंह के खिलाफ 29 अक्टूबर 2025 को ग्राम नगला दाउद निवासी अनीस अहमद की दुकान का ताला तोड़कर सोलर प्लेट, अन्य सामान और 12 हजार रुपये नकद चोरी करने का मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) की बढ़ोत्तरी की गई थी। आरोपी की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक द्वारा 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

पुलिस ने बताया कि 24 जनवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिलने पर खैमरेगाई तिराहा के पास घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया गया। इसी दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी राजकिशोर के बाएं पैर में गोली लग गई, जिससे वह मौके पर ही घायल हो गया।

घायल आरोपी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कमालगंज पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना के संबंध में थाना कमालगंज पर आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत अलग से मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर विभिन्न स्थानों पर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। उसने बताया कि 28 अक्टूबर 2025 की रात उसने अपने साथियों के साथ गौसपुर क्षेत्र में चोरी की थी और चोरी का माल दूसरे स्थान पर ले जाने की तैयारी कर रहा था, तभी पुलिस ने उसे घेर लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा 315 बोर, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, एक बड़ी बैट्री, प्लास्टिक की झाल, रस्सी और एक प्लास्टिक की बोरी बरामद की है। मामले में आगे की जांच और कार्रवाई जारी है।

Anuj Singh
Anuj Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News