भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर की जयंती पर समाज ने किया नमन, सादगी और संघर्ष को किया याद
Share your love

संवाद 24 संवाददात। भारत रत्न से सम्मानित बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जननायक कर्पूरी ठाकुर की जयंती के अवसर पर बीबीगंज स्थित अग्रवाल सभा भवन में श्रीवास्तव एकता मंच (नंदवंशी) की ओर से विचार गोष्ठी एवं श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं कर्पूरी ठाकुर के चित्र पर पुष्प अर्पण के साथ हुआ। बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने इसमें सहभागिता की।
कार्यक्रम में व्यापारी नेता अंकुर श्रीवास्तव, पूर्व कानूनगो राजेंद्र श्रीवास्तव, उपदेश श्रीवास्तव, राजीव श्रीवास्तव एडवोकेट, पंचायत विभाग के सचिव डॉ. महेंद्र श्रीवास्तव, पूर्व सभासद अभिषेक श्रीवास्तव सहित अन्य गणमान्य लोग मंचासीन रहे। वक्ताओं ने जननायक कर्पूरी ठाकुर के व्यक्तित्व और कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।
वक्ताओं ने कहा कि कर्पूरी ठाकुर सादगी, ईमानदारी और सामाजिक न्याय के प्रतीक थे। उन्होंने पिछड़े, वंचित और शोषित वर्गों के उत्थान के लिए आजीवन संघर्ष किया। उनके विचार आज भी समाज के लिए मार्गदर्शक हैं और सामाजिक समरसता को मजबूत करने की प्रेरणा देते हैं।
व्यापारी नेता अंकुर श्रीवास्तव ने कहा कि श्रीवास्तव एकता मंच शासन से शहर के मुख्य बाजार में जननायक कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा स्थापित कराने की मांग करेगा। उन्होंने मंच को और अधिक सशक्त बनाने तथा समाज के अधिकारों के लिए संगठित होकर संघर्ष करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में टीटू श्रीवास्तव, राहुल श्रीवास्तव, सर्वेश राही, राकेश श्रीवास्तव, रवीश चंद्र, अनुराग नंदन, राजकुमार, पवन कुमार, अनिल कुमार, अशोक कुमार, अखिलेश कुमार, शिवांश, अनूप एवं अंकित श्रीवास्तव सहित अनेक लोग उपस्थित रहे। अंत में कर्पूरी ठाकुर के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया गया।






