बेमौसम बारिश ने बढ़ाई ठिठुरन: फर्रुखाबाद में तापमान गिरकर 10.6 डिग्री पहुंचा
Share your love

संवाद 24 संवाददाता।शुक्रवार देर शाम हुई बेमौसम बारिश ने ठंड बढ़ा दी है। शनिवार सुबह सर्द हवाएं चलने से लोगों को एक बार फिर कड़ाके की सर्दी का अहसास हुआ। इस दौरान न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
शुक्रवार शाम से ही फर्रुखाबाद में तेज हवाएं चलने लगी थीं और आसमान में बादल छा गए थे। देर शाम गरज के साथ बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट आई। शनिवार सुबह भी ठंडी हवाएं चलती रहीं, जिसने सर्दी को और बढ़ा दिया। पिछले पांच दिनों से धूप निकलने के कारण लोगों को सर्दी से कुछ राहत मिली थी, लेकिन शुक्रवार की बारिश ने एक बार फिर ठंड बढ़ा दी। रात के समय लोग सर्दी से बचाव के लिए अलाव का सहारा लेते दिखे।
शनिवार को न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह के समय आसमान में हल्के बादल छाए रहे। बेमौसम बरसात से किसानों की चिंता बढ़ गई है। आलू की फसल पहले से ही झुलसा रोग से ग्रसित थी और किसानों को उचित भाव भी नहीं मिल पा रहा था। अब बारिश से आलू की फसल को और अधिक नुकसान होने की आशंका है। तंबाकू की फसल के लिए भी यह बारिश हानिकारक मानी जा रही है, जिससे पत्तियों के पीले पड़ने की संभावना बढ़ गई है।






