जेम पोर्टल से खरीद को लेकर कलेक्ट्रेट में प्रशिक्षण, पारदर्शिता पर जोर

संवाद 24 संवाददाता। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में शासकीय खरीद को अधिक पारदर्शी और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से जेम (GeM) पोर्टल के माध्यम से खरीद प्रक्रिया को लेकर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने की। इसमें जनपद के विभिन्न विभागों के आहरण-वितरण अधिकारी (डीडीओ) उपस्थित रहे।

कार्यशाला के दौरान अधिकारियों को जेम पोर्टल पर पंजीकरण, निविदा प्रक्रिया, खरीद के चरण, भुगतान प्रणाली तथा शासनादेशों के अनुपालन से संबंधित विस्तृत जानकारी दी गई। जेम प्रकोष्ठ से प्रशिक्षण देने के लिए आए अंकित शुक्ला ने पोर्टल की तकनीकी और प्रक्रियात्मक बारीकियों को स्पष्ट किया तथा अधिकारियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों के उत्तर देकर शंकाओं का समाधान किया।

जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि विभागीय उपयोग की सभी वस्तुएं, सेवाएं और सामग्री की खरीद अनिवार्य रूप से जेम पोर्टल के माध्यम से ही की जाए। उन्होंने कहा कि इससे खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी, समय की बचत होगी और वित्तीय अनुशासन सुनिश्चित होगा।

कार्यशाला में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए जेम पोर्टल के अधिकतम उपयोग का भरोसा जताया।

Anuj Singh
Anuj Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News