जहानगंज के पास भीषण हादसा: मेला देखकर लौट रहे दो दोस्तों को अज्ञात वाहन ने रौंदा

संवाद 24 संवाददाता।कन्नौज जिले के छिबरामऊ क्षेत्र के दो युवकों के साथ गुरुवार रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मेला रामनगरिया देखकर लौट रहे दोनों दोस्त जहानगंज थाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर का शिकार हो गए। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, कन्नौज के कोतवाली छिबरामऊ क्षेत्र स्थित मोहल्ला बनवारी नगर बजरिया निवासी नितिन वर्मा अपने दोस्त सौभाग्य, निवासी चौधरियान मोहल्ला, के साथ गुरुवार रात रामनगरिया मेला देखकर बाइक से घर लौट रहे थे। जब उनकी बाइक जहानगंज थाना क्षेत्र के गांव रुनी के पास पहुंची, तभी पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी और दोनों घायलों को तत्काल फर्रुखाबाद के डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद नितिन वर्मा को मृत घोषित कर दिया, जबकि सौभाग्य की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका उपचार जारी है।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। मामले में तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अज्ञात वाहन चालक की जल्द पहचान कर सख्त कार्रवाई की मांग की है

Anuj Singh
Anuj Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News