पोस्टमार्टम में खुलासा: पत्नी पर किए गए थे 24 चाकू के वार

संवाद 24 संवाददाता। फर्रुखाबाद में घरेलू हिंसा की एक बेहद नृशंस घटना सामने आई है। जहानगंज थाना क्षेत्र के गांव जरारी में बुधवार को शराब के नशे में धुत एक पति ने अवैध संबंधों के शक में अपनी पत्नी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

पुलिस के अनुसार आरोपी सांचेलाल कठेरिया दोपहर करीब 12:30 बजे घर पहुंचा। उस समय बच्चे छत पर थे और पत्नी अनीता देवी उर्फ नन्हीं देवी (32) घर के अंदर काम कर रही थीं। इसी दौरान पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर पत्नी का गला रेत दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

गुरुवार को मृतका के शव का पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई। पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सकों ने बताया कि महिला के शरीर पर करीब 24 चाकू के घाव पाए गए। इनमें 12 वार पेट पर, जबकि अन्य हाथ, पैर और पीठ पर थे। डॉक्टरों के मुताबिक लगातार और अत्यधिक बल से किए गए इन वारों के कारण महिला की तत्काल मृत्यु हो गई।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण अवैध संबंधों का शक सामने आया है। घटना की सूचना बच्चों द्वारा दिए गए शोर-शराबे के बाद ग्रामीणों ने यूपी-112 पर कॉल कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसे जेल भेज दिया गया। मामले की जांच जहानगंज थाना पुलिस द्वारा की जा रही है।

मृतका की मां ने बताया कि उनकी बेटी की शादी करीब 14 साल पहले हुई थी। दामाद बाहर नौकरी करता था और पहले कभी गंभीर घरेलू विवाद की जानकारी नहीं मिली थी। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी परिवार के अन्य बच्चों की परवरिश तक में सहयोग करती थी। इस अचानक हुई घटना से पूरा परिवार सदमे में है और उन्होंने आरोपी को कठोरतम सजा, यहां तक कि मौत की सजा दिए जाने की मांग की है।

मृतका के भाई विपिन ने थाना जहानगंज में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है। उन्होंने बताया कि 21 जनवरी को दोपहर करीब 1:30 बजे उनकी भांजी काजल ने फोन कर घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर बहन का शव खून से लथपथ पड़ा था और पूरे शरीर पर चाकू के निशान थे। पोस्टमार्टम के बाद मायके पक्ष के लोग शव को अंतिम संस्कार के लिए अपने साथ ले गए। पुलिस का कहना है कि मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Anuj Singh
Anuj Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News