ट्रॉली बैग में भरा था 54 किलो गांजा, पुलिस ने तीन युवकों को किया गिरफ्तार

संवाद 24 संवाददाता। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना कम्पिल पुलिस ने गुरुवार को चेकिंग के दौरान 54 किलो नाजायज गांजे के साथ दो सगे भाइयों सहित तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब साढ़े 12 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों में अंकित शुक्ला उर्फ शंशाक और आयुष, दोनों पुत्र सूर्य प्रकाश, निवासी नरकसा अंबेडकर नगर थाना कादरीगेट तथा ओमजी पुत्र नन्हें कठेरिया, निवासी नारायणपुर थाना मऊदरवाजा शामिल हैं। पुलिस टीम द्वारा संदिग्ध गतिविधियों के चलते तीनों को रोका गया और तलाशी के दौरान उनके पास मौजूद पांच ट्रॉली बैग से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।

बरामद मादक पदार्थ का कुल वजन 54 किलो पाया गया। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि गांजा अलग-अलग पैकेटों में भरकर ले जाया जा रहा था, जिससे इसके संगठित तरीके से सप्लाई किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे आर्थिक लाभ के उद्देश्य से गांजे की तस्करी और सप्लाई में संलिप्त थे।

गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना कम्पिल में तीनों अभियुक्तों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किन-किन क्षेत्रों में की जानी थी।

मामले का खुलासा अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार ने पुलिस लाइन सभागार में प्रेस वार्ता के दौरान किया। उन्होंने बताया कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। फिलहाल पुलिस अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है।

Anuj Singh
Anuj Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News