स्कूलों से सड़कों तक संदेश: चाइनीज़ मांझे के खिलाफ फर्रुखाबाद में तीन दिवसीय अभियान
Share your love

संवाद 24 संवाददाता।चाइनीज़ मांझे के दुष्परिणामों को लेकर समाज को सतर्क करने के उद्देश्य से तीन दिवसीय जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया। यह अभियान रेड क्रॉस सोसाइटी और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। अभियान का उद्घाटन जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने किया। उन्होंने कहा कि चाइनीज़ मांझा न केवल कानूनन प्रतिबंधित है, बल्कि यह आमजन, विशेषकर बच्चों, राहगीरों और पक्षियों के लिए अत्यंत घातक सिद्ध हो रह।
अभियान के तहत जिले के विभिन्न विद्यालयों में कार्यक्रम आयोजित कर छात्रों को चाइनीज़ मांझे से होने वाले गंभीर शारीरिक नुकसान, दुर्घटनाओं और पर्यावरणीय प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। प्रशासन और आयोजकों ने बच्चों से सुरक्षित विकल्प अपनाने और पतंग उड़ाने में जिम्मेदारी बरतने की अपील की। इस दौरान छात्रों को यह भी बताया गया कि चाइनीज़ मांझे का प्रयोग दंडनीय अपराध है।
सेंट एंथोनी स्कूल कैंट, फतेहगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी के साथ अपर जिला जज संजय कुमार, रेड क्रॉस सोसाइटी के वाइस चेयरमैन शीश मेहरोत्रा और अन्य अतिथियों ने छात्रों को चाइनीज़ मांझा न इस्तेमाल करने की शपथ दिलाई। वक्ताओं ने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में बच्चों की भूमिका सबसे अहम है और जागरूक छात्र ही सुरक्षित समाज की नींव रखते हैं।
अभियान के क्रम में कानोड़िया इंटर कॉलेज, एनएकेपी इंटर कॉलेज, केंद्रीय विद्यालय सहित अन्य शिक्षण संस्थानों में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में विद्यार्थियों को उदाहरणों के माध्यम से बताया गया कि चाइनीज़ मांझे से सड़क दुर्घटनाएं, गंभीर कटाव की घटनाएं और पक्षियों की मौत तक हो रही है।
सीपी विद्या निकेतन में आयोजित विशेष कार्यक्रम में अपर जिला जज संजय कुमार सहित अन्य वक्ताओं ने लगभग 4500 बच्चों को जागरूक किया और सभी को चाइनीज़ मांझे के उपयोग से दूर रहने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम के दौरान बच्चों में जागरूकता को लेकर उत्साह देखने को मिला।
अभियान के समापन संदेश में प्रशासन ने अभिभावकों और आम नागरिकों से अपील की कि वे बच्चों को चाइनीज़ मांझा खरीदने या इस्तेमाल करने से रोकें और सुरक्षित, पारंपरिक सूती धागे का ही उपयोग करें, ताकि किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके।






