समाजवादी आंदोलन के स्तंभ ‘छोटे लोहिया’ को पुण्यतिथि पर सपाइयों की श्रद्धांजलि
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। समाजवादी आंदोलन के प्रख्यात चिंतक और ‘छोटे लोहिया’ के नाम से विख्यात जनेश्वर मिश्र की पुण्यतिथि पर गुरुवार को फर्रुखाबाद में समाजवादी पार्टी की ओर से श्रद्धांजलि सभा एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य उनके वैचारिक योगदान, संघर्षशील जीवन और समाजवादी आंदोलन में उनकी भूमिका को स्मरण करना रहा।
समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने की। इस अवसर पर जनेश्वर मिश्र के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। जिलाध्यक्ष ने अपने संबोधन में कहा कि जनेश्वर मिश्र समाजवादी आंदोलन के मजबूत स्तंभ थे और उन्होंने शोषित-वंचित वर्ग के अधिकारों के लिए आजीवन संघर्ष किया। उन्होंने यह भी कहा कि जनेश्वर मिश्र ने अखिलेश यादव को युवा नेतृत्व के रूप में आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में जिला महासचिव इलियास मंसूरी ने जनेश्वर मिश्र के सिद्धांतों को आज के सामाजिक-राजनीतिक परिवेश में प्रासंगिक बताते हुए कार्यकर्ताओं से उनके विचारों पर चलकर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। कार्यक्रम प्रभारी मनोज मिश्रा ने कहा कि वर्तमान समय में जनेश्वर मिश्र जैसे वैचारिक योद्धाओं की सोच और प्रतिबद्धता समाज के लिए अत्यंत आवश्यक है। इस दौरान वरिष्ठ ब्राह्मणों का माल्यार्पण कर आशीर्वाद भी लिया गया।
श्रद्धांजलि सभा में पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से सत्यम अवस्थी, हरिओम सकसेना, मुकेश, अधिवक्ता अमित यादव गोल्डी, अभिषेक गुप्ता, वीना शर्मा, ओमकार शुक्ला, अधिवक्ता ऋषि अवस्थी, पूर्व सभासद कुलदीप भारद्वाज, खुशनुर, विमल गुप्ता, शुभम शुक्ला सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इसी क्रम में समाजवादी पार्टी महानगर फर्रुखाबाद द्वारा भी जनेश्वर मिश्र की पुण्यतिथि पर अलग कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह आयोजन महानगर अध्यक्ष राघव दत्त मिश्रा के बजरिया स्थित आवास पर हुआ, जिसकी अध्यक्षता स्वयं महानगर अध्यक्ष ने की, जबकि संचालन रजत क्रांतिकारी ने किया। वक्ताओं ने जनेश्वर मिश्र के जीवन और विचारों को समाजवादी आंदोलन की प्रेरणा बताया।
महानगर अध्यक्ष राघव दत्त मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि जनेश्वर मिश्र के पदचिह्नों पर चलकर ही समाजवादी आंदोलन को नई मजबूती दी जा सकती है। उन्होंने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को पूर्ण बहुमत से सत्ता में लाने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम में उपाध्यक्ष खुर्शीद खान, कोषाध्यक्ष अमन भारद्वाज सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की।






