अनमैप्ड मतदाताओं की पहचान पर फोकस, नोटिस तामील में ढिलाई पर होगी कार्रवाई

संवाद 24 संवाददाता। एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) अभियान के तहत फर्रुखाबाद जनपद में बड़ी संख्या में ऐसे मतदाता सामने आए हैं, जिनकी मैपिंग नहीं हो सकी है। प्रशासन के अनुसार कुल 68,310 मतदाता ऐसे हैं, जो वर्ष 2003 के बाद मतदाता सूची में शामिल हुए, लेकिन जन्म तिथि और जन्म स्थान से संबंधित साक्ष्य उपलब्ध नहीं करा सके। इन सभी अनमैप्ड मतदाताओं को अब नोटिस जारी कर उनकी पहचान और दस्तावेजों की पुष्टि कराई जाएगी।

चार नवंबर से 24 दिसंबर तक चले एसआईआर अभियान के दौरान जनपद में 13,98,009 मतदाताओं का पुनरीक्षण किया गया। इस प्रक्रिया में 2,90,824 मतदाताओं द्वारा गणना प्रपत्र जमा न करने पर उनके नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए। इसके बाद 11,07,185 मतदाताओं के नाम आलेख्य मतदाता सूची में प्रकाशित किए गए, जिनमें से 68,310 मतदाताओं के दस्तावेज अपूर्ण पाए गए।

उपजिला निर्वाचन अधिकारी एवं एडीएम अरुण कुमार सिंह ने बताया कि अनमैप्ड मतदाताओं के लिए 52,765 नोटिस तैयार कर प्रिंट निकाले जा चुके हैं, जबकि शेष नोटिस भी शीघ्र तैयार कर लिए जाएंगे। सभी नोटिस बीएलओ को सौंप दिए गए हैं और शत-प्रतिशत तामील सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बीएलओ को घर-घर जाकर मतदाता को या उनके परिजन/रिश्तेदार को नोटिस देना होगा। इस दौरान बीएलओ को संबंधित व्यक्ति के साथ सेल्फी लेकर फोटो पोर्टल पर अपलोड करनी होगी। साथ ही यह भी दर्ज करना अनिवार्य होगा कि नोटिस प्राप्त करने वाले व्यक्ति का मतदाता से क्या संबंध है।

निर्देशों के अनुसार, यदि पोर्टल पर फोटो और आवश्यक विवरण अपलोड नहीं किए जाते हैं तो नोटिस की तामील मान्य नहीं होगी। ऐसी स्थिति में संबंधित बीएलओ से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य है कि सभी अनमैप्ड मतदाताओं तक नोटिस पहुंचे, उनकी मैपिंग पूरी हो और पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित रूप से शामिल किया जा सके।
यह कदम आगामी निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Anuj Singh
Anuj Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News